Bihar Politics:शराबबंदी पर सियासी संग्राम! सदन में गर्मी चरम पर, तेजस्वी के तंज पर सरकार ने किया ये साफ ऐलान

Bihar Politics: बिहार विधानसभा में विश्वास मत पर चर्चा के दौरान सियासत का पारा उस वक्त और चढ़ गया जब डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने शराबबंदी कानून पर सरकार का रूख स्पष्ट किया...

Bihar Liquor Ban Clash
शराबबंदी पर सरकार का ऐलान- फोटो : social Media

Bihar Politics: बिहार विधानसभा में विश्वास मत पर चर्चा के दौरान सियासत का पारा उस वक्त और चढ़ गया जब डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने न सिर्फ सरकार का पक्ष मजबूती से रखा, बल्कि शराबबंदी कानून को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला भी बोला।

अपने भाषण में उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में लागू बिहार शराबबंदी कानून किसी भी हालत में खत्म नहीं होगा, बल्कि पूरी सख्ती के साथ आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यह कानून फेल नहीं हुआ है, बल्कि इसकी सबसे बड़ी सफलता यही है कि जो लोग नियम तोड़ रहे हैं, वे गिरफ्तार होकर जेल जा रहे हैं और सजा भी पा रहे हैं।

विजय चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में लागू इस फैसले का जोरदार बचाव करते हुए कहा कि यह एक सामाजिक सुधार की दिशा में बड़ा कदम है, जिसे कमजोर नहीं किया जा सकता। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का रुख इस मुद्दे पर पूरी तरह स्पष्ट और अडिग है।

सदन में उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा कि जब यह कानून बन रहा था, तब विपक्षी नेता राजनीतिक परिदृश्य में कहीं और थे और आज उसी पर सवाल उठा रहे हैं। यह टिप्पणी सदन में हलचल का कारण बन गई। चौधरी ने आगे कहा कि 2020 के चुनाव के बाद जब एनडीए को अपेक्षाकृत कम सीटें मिली थीं, तब भी भारतीय जनता पार्टी ने उदारता दिखाते हुए नीतीश कुमार के नेतृत्व को स्वीकार किया और सरकार बनाई। यह गठबंधन की मजबूती और राजनीतिक परिपक्वता का उदाहरण है।

उन्होंने यह भी इशारा किया कि मौजूदा सरकार में सम्राट चौधरी के नेतृत्व को लेकर जो सहमति बनी है, वह भी उसी राजनीतिक परंपरा की निरंतरता है, जिसमें स्थिरता और सहयोग को प्राथमिकता दी जाती है।

बहरहाल शराबबंदी कानून एक बार फिर बिहार की सियासत का केंद्र बन गया है जहां सत्ता पक्ष इसे सफल सामाजिक प्रयोग बता रहा है, वहीं विपक्ष इसे सवालों के घेरे में रख रहा है।