Bihar Police Transfer: बिहार में रातों-रात बदले गए 54 डीएसपी , कई जिलों में नए अफसरों की एंट्री,सरकार ने चलाया ट्रांसफर वाला बुलडोजर, देखिए लिस्ट

Bihar Govt Reshuffles 54 DSPs  Overnight
रातों-रात बदले गए 54 डीएसपी- फोटो : Hiresh Kumar

Bihar Police Transfer: बिहार में शनिवार की देर रात सत्ता के गलियारों से ऐसा फरमान निकला जिसने पूरे खाकी महकमे में हलचल मचा दी। सरकार ने एक ही झटके में बिहार पुलिस सेवा के 54 डीएसपी स्तर के अफसरों का तबादला कर दिया। इस बड़े ऑपरेशन में ईओयू, साइबर सेल, ट्रैफिक, मद्य निषेध और सीआईडी जैसी संवेदनशील यूनिटों में नए चेहरों की एंट्री कराई गई है। सूत्रों के मुताबिक यह फेरबदल सिर्फ रूटीन तबादला नहीं बल्कि सरकार का बड़ा सिस्टम क्लीनअप मिशन माना जा रहा है। कई जिलों में लंबे समय से जमे अफसरों को हटाकर नई जिम्मेदारी दी गई है ताकि प्रशासनिक पकड़ और मजबूत हो सके।

सरकारी अधिसूचना के अनुसार मो अली अंसारी को एआईजी ट्रैफिक बिहार की कमान सौंपी गई है, जबकि आशीष कुमार सिंह को पटना ट्रैफिक डीएसपी बनाया गया है। अशफाक अंसारी को मद्य निषेध विभाग में डीएसपी की जिम्मेदारी मिली है। वहीं मनोज राम को एएसपी सीआईडी और वंदना को एएसपी मद्य निषेध बनाया गया है।

खुफिया और आर्थिक अपराध पर नजर रखने वाली ईओयू यूनिट में भी बड़ा बदलाव किया गया है। महेश चौधरी को डीएसपी ईओयू, नीलाभ कृष्ण को सीनियर डीएसपी ईओयू और अशोक कुमार को भी ईओयू का सीनियर डीएसपी बनाया गया है। इसके अलावा देवेंद्र प्रसाद और अनुराग कुमार को ईओयू में डीएसपी की जिम्मेदारी दी गई है।

गया के इमामगंज में धीरज कुमार को एसडीपीओ बनाया गया है, जबकि मो आसिफ आलम को कटिहार साइबर क्राइम डीएसपी की जिम्मेदारी देकर साइबर अपराध पर शिकंजा कसने का संकेत दिया गया है। ट्रैफिक और साइबर यूनिट में हुए ये बदलाव बताते हैं कि सरकार अपराध और डिजिटल फ्रॉड पर सख्त एक्शन मोड में दिखाई दे रही है।

सरकार ने साफ निर्देश दिया है कि सभी ट्रांसफर किए गए अधिकारी अविलंब नई जगहों पर योगदान दें। राजनीतिक गलियारों में इस बड़े फेरबदल को आने वाले दिनों की प्रशासनिक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि सरकार अपराध नियंत्रण, ट्रैफिक सिस्टम, साइबर क्राइम  जैसे मुद्दों पर शिकंजा कसने के लिए नई टीम मैदान में उतार रही है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि खाकी  महकमे में हुआ यह बड़ा ऑपरेशन ट्रांसफर बिहार की कानून व्यवस्था और प्रशासनिक सिस्टम में कितना असर दिखाता है।