Patna Crime: ब्लैकआउट में चला मौत का खेल!जेल से रची गई मर्डर की साजिश, पीएमसीएच के कर्मचारी का 16 साल का बेटा शूटर बना मौत का सौदागर,बड़ा खुलासा

Patna Crime: पटना सिटी में ब्लैकआउट की आड़ में ऐसा खूनी खेल खेला गया जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया।पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में 16 साल के एक नाबालिग शूटर को दबोच लिया है..

Patna Minor Shooter Kills Trader During Blackout Plot
साइलेंसर वाली पिस्टल, ब्लैकआउट और सुपारी किलिंग…- फोटो : social Media

Patna Crime: पटना सिटी में ब्लैकआउट की आड़ में ऐसा खूनी खेल खेला गया जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। मसाला कारोबारी पिंटू कुमार की हत्या कोई अचानक हुई वारदात नहीं थी, बल्कि इसके पीछे जेल से संचालित पूरा क्राइम नेटवर्क काम कर रहा था। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में 16 साल के एक नाबालिग शूटर को दबोच लिया है, जिसने महज 10 हजार रुपए के लालच में कारोबारी को मौत के घाट उतार दिया।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार नाबालिग पीएमसीएच के एक फोर्थ ग्रेड कर्मचारी का बेटा है और उसका सीधा कनेक्शन बेऊर जेल में बंद बिका उर्फ विकास से था। बताया जा रहा है कि करीब 15 दिन पहले नाबालिग जेल में विकास से मिलने गया था। वहीं पर पिंटू कुमार को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।

दरअसल, पिंटू पहले विकास के साथ शराब के अवैध धंधे में शामिल था, लेकिन विकास के जेल जाने के बाद उसने संजय गोप के साथ कारोबार शुरू कर दिया। इसी बात से गैंग में बगावत और नुकसान की चिंगारी भड़क उठी। जेल में बैठे विकास ने नाबालिग को फरमान दिया पिंटू का खेल खत्म कर दो।

पुलिस के अनुसार, वारदात से पहले नाबालिग पिछले 15 दिनों से रेकी कर रहा था। शक से बचने के लिए वह पिंटू की दुकान के सामने लेबर बनकर काम भी कर रहा था। 14 मई की शाम जैसे ही इलाके में ब्लैकआउट हुआ, वैसे ही शूटर ने साइलेंसर लगी पिस्टल से पिंटू को गोली मार दी। अंधेरा इतना था कि किसी को कुछ समझ नहीं आया। गोली की आवाज भी बेहद धीमी थी।

लाइट कटने के कारण सीसीटीवी कैमरे भी बंद थे, जिससे वारदात रिकॉर्ड नहीं हो सकी। पुलिस का कहना है कि इस पूरे ऑपरेशन में फरार आरोपी स्काई शिवम ने हथियार और पैसे उपलब्ध कराए थे। वही सोनू हत्याकांड में भी फरार चल रहा है। उसकी तलाश में एसटीएफ और डीआईयू की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

मृतक के पिता नेपाली साव ने बताया कि अंधेरे में किसी को कुछ दिखाई नहीं दिया। जब पिंटू चीखा तब लोग दौड़े, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस जेल में बंद विकास को रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी में जुटी है।