Bihar government: बिहार के सरकारी स्कूलों में सख्ती! जानें क्यों शिक्षक के साथ प्रधानाध्यापक पर भी होगी कार्रवाई

Bihar government: बिहार के सरकारी स्कूलों में शिक्षक के बिना अनुमति बाहर जाने या मोबाइल इस्तेमाल करने पर शिक्षक के साथ प्रधानाध्यापक पर भी कार्रवाई हो सकती है।

Bihar government

Bihar government: बिहार के सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक अनुशासन और शिक्षकों की उपस्थिति को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। अब विद्यालय अवधि में कोई शिक्षक बिना अनुमति परिसर से बाहर पाया गया या मोबाइल फोन चलाते पकड़ा गया, तो संबंधित शिक्षक के साथ-साथ प्रधानाध्यापक (एचएम) पर भी अनुशासनिक कार्रवाई हो सकती है। विद्यालय में अनुशासन बनाये रखने की व्यक्तिगत जिम्मेदारी प्रधानाध्यापक और प्रधान शिक्षक की होगी।


प्रधानाध्यापक की जिम्मेदारी तय


विभागीय निर्देश के अनुसार, यदि कोई शिक्षक बिना अनुमति विद्यालय परिसर से बाहर जाता है, तो प्रधानाध्यापक को इसकी तत्काल सूचना प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) को देनी होगी। यदि निरीक्षण के दौरान कोई शिक्षक विद्यालय अवधि में परिसर से बाहर पाया जाता है, तो यह माना जायेगा कि वह प्रधानाध्यापक की सहमति से बाहर गया है। ऐसी स्थिति में संबंधित शिक्षक के साथ प्रधानाध्यापक पर भी कार्रवाई की जा सकती है।


मोबाइल इस्तेमाल पर भी रहेगी नजर


विद्यालय अवधि में शिक्षकों के मोबाइल फोन इस्तेमाल पर भी सख्ती बरतने का निर्देश दिया गया है। यदि कोई शिक्षक स्कूल में मोबाइल चलाते पकड़ा जाता है, तो उसके साथ संबंधित प्रधानाध्यापक पर भी कार्रवाई हो सकती है। इसके लिए प्रधानाध्यापकों को शिक्षकों के मोबाइल फोन विद्यालय में निर्धारित स्थान या अपने कक्ष में जमा करवाने की व्यवस्था करने को कहा गया है।


निर्देशों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं


अपर मुख्य सचिव (एसीएस) के निर्देश के अनुसार, विद्यालय में शैक्षणिक और प्रशासनिक अनुशासन बनाये रखने की जिम्मेदारी प्रधानाध्यापक की होगी। विद्यालय में किसी भी तरह की अनुशासनहीनता, लापरवाही या निर्देशों की अनदेखी मिलने पर प्रधानाध्यापक को भी जवाबदेह ठहराया जायेगा। विद्यालयों का निरीक्षण करने वाले संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने और अनियमितता मिलने पर आवश्यक अनुशासनिक कार्रवाई करने को कहा गया है।


प्रधानाध्यापकों की बढ़ेगी जवाबदेही


नये निर्देशों के बाद प्रधानाध्यापकों की जिम्मेदारी बढ़ गई है। उन्हें शिक्षकों की उपस्थिति और कक्षा संचालन पर नजर रखने के साथ-साथ विद्यालय परिसर में अनुशासन बनाये रखने के लिए भी व्यक्तिगत रूप से जवाबदेह होना पड़ेगा।