Banka Young Writer: बांका के 14 वर्षीय केशव आनंद ने लिखी अंग्रेजी पुस्तक ‘द ट्रॉमा’, 8 वीं कक्षा में हासिल की बड़ी उपलब्धि

Banka Young Writer: बांका के 14 वर्षीय केशव आनंद ने आठवीं कक्षा में अंग्रेजी पुस्तक ‘द ट्रॉमा’ लिखी है। ट्यूनिट पब्लिकेशन ने पुस्तक प्रकाशित की, अब हिंदी उपन्यास की तैयारी।

Banka Young Writer

Banka Young Writer: प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती। मन में कुछ नया करने का जुनून और दृढ़ इच्छाशक्ति हो, तो कम उम्र में भी बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है। इस बात को बांका जिले के अमरपुर प्रखंड अंतर्गत महादेवपुर गांव निवासी 14 वर्षीय केशव आनंद ने साबित कर दिखाया है। आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले केशव ने अंग्रेजी में पुस्तक लिखकर अपने परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी पुस्तक ‘द ट्रॉमा’ का प्रकाशन हो चुका है। इस उपलब्धि से परिवार और गांव के लोगों में खुशी का माहौल है।


किसान प्रफुल्ल कुमार शर्मा और प्रीति देवी के इकलौते पुत्र केशव को माता-पिता, बड़े पापा विभूति भूषण शर्मा और परिवार के अन्य सदस्यों ने बधाई दी है। समाज के लोगों ने भी उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


दादाजी से कहानियां सुनने का शौक बना लेखन की प्रेरणा


केशव ने बताया कि बचपन से ही उन्हें कहानियां सुनने का शौक था। वह अपने दादाजी से तरह-तरह की कहानियां सुना करते थे। इन कहानियों का उनके मन-मस्तिष्क पर गहरा प्रभाव पड़ा। इसी से प्रेरित होकर उन्होंने छठी कक्षा में पढ़ाई के दौरान खुद कहानियां लिखना शुरू कर दिया।


शुरुआत में केशव ने हॉरर स्टोरी लिखीं। हालांकि, उस समय उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि अपनी कहानी या पुस्तक को प्रकाशित कैसे कराया जाता है। कुछ समय बाद उन्होंने यूट्यूब पर बांका के दो युवकों द्वारा लिखी गई पुस्तक के बारे में देखा। इससे उन्हें भी अपनी रचनाओं को पुस्तक के रूप में प्रकाशित कराने की प्रेरणा मिली। इसके बाद फरवरी महीने में उन्होंने अंग्रेजी पुस्तक ‘द ट्रॉमा’ लिखना शुरू किया। करीब डेढ़ महीने की मेहनत के बाद पुस्तक पूरी हो गई।


ट्यूनिट पब्लिकेशन ने प्रकाशित की ‘द ट्रॉमा’


पुस्तक पूरी होने के बाद केशव ने इसके प्रकाशन के लिए अलग-अलग पब्लिकेशन से संपर्क किया। इस दौरान यूट्यूब चैनल बस्केरी पंपकिन और ट्यूनिट पब्लिकेशन की ओर से उनकी कहानी को स्वीकृति मिली। इसके बाद ट्यूनिट पब्लिकेशन ने उनकी पुस्तक प्रकाशित की। केशव के अनुसार, ‘द ट्रॉमा’ जातिवादी व्यवस्था और बंधुआ मजदूरी जैसी सामाजिक कुरीतियों पर आधारित है। पुस्तक में पुराने समय में गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों पर जमींदारों द्वारा किए जाने वाले अत्याचार और उन्हें बंधुआ मजदूरी के लिए मजबूर करने की स्थिति को दर्शाया गया है।


इस पुस्तक के माध्यम से केशव ने समाज की एक कड़वी सच्चाई को सामने लाने का प्रयास किया है। इतनी कम उम्र में सामाजिक विषय पर अंग्रेजी पुस्तक लिखना उनकी रचनात्मक सोच और साहित्य के प्रति रुचि को दर्शाता है।


‘डेथ नंबर 7’ कहानी भी हो चुकी है प्रकाशित


‘द ट्रॉमा’ से पहले केशव की एक अन्य कहानी ‘डेथ नंबर 7’ भी यूट्यूब पर प्रकाशित हो चुकी है। यह कहानी मर्चेंट नेवी पर आधारित है। लेखन के प्रति अपनी रुचि को आगे बढ़ाते हुए अब केशव हिंदी उपन्यास लिखने की तैयारी कर रहे हैं।महज 14 वर्ष की उम्र में साहित्य के क्षेत्र में कदम रखने वाले केशव की उपलब्धि से गांव के बच्चों और युवाओं को प्रेरणा मिल रही है। उनकी कहानी बताती है कि प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए उम्र बाधा नहीं होती। मेहनत, लगन और सही अवसर मिलने पर कम उम्र में भी अपनी अलग पहचान बनाई जा सकती है।