Bihar teachers salary: बिहार के हजारों शिक्षकों के लिए बड़ी खुशखबरी! सरकार ने जारी किए ₹999.84 करोड़, जल्द मिलेगा बकाया भुगतान
Bihar teachers salary: बिहार सरकार ने विश्वविद्यालयों और डिग्री कॉलेजों के शिक्षकों, कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के बकाया वेतन व पेंशन भुगतान के लिए 999.84 करोड़ रुपये जारी किए हैं। जानिए किस विश्वविद्यालय को कितनी राशि मिली।
Bihar teachers salary: बिहार के विश्वविद्यालयों और डिग्री कॉलेजों में कार्यरत शिक्षकों, कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राज्य सरकार ने उनके बकाया वेतन, पेंशन और अन्य लंबित भुगतान के लिए 999.84 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। उच्च शिक्षा विभाग की ओर से जारी यह राशि मार्च से मई 2026 तक के नियमित और बकाया भुगतान के लिए उपलब्ध कराई गई है।
विश्वविद्यालयों को उनकी आवश्यकता के अनुसार राशि जारी की गई
उच्च शिक्षा निदेशक प्रो. एन.के. अग्रवाले ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के स्थापना एवं प्रतिबद्ध व्यय मद के तहत इस राशि को मंजूरी दी गई है। कुल 999.84 करोड़ रुपये में से 419.05 करोड़ रुपये कार्यरत शिक्षकों और कर्मचारियों के वेतन भुगतान के लिए निर्धारित किए गए हैं, जबकि 580.79 करोड़ रुपये सेवानिवृत्त कर्मियों की पेंशन और सेवांत लाभ के भुगतान के लिए आवंटित किए गए हैं। विश्वविद्यालयों को उनकी आवश्यकता के अनुसार राशि जारी की गई है। सबसे अधिक 147.28 करोड़ रुपये मगध विश्वविद्यालय को दिए गए हैं। इसके बाद बीआरए बिहार विश्वविद्यालय को 146.09 करोड़ रुपये और ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय को 144.09 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
किस विश्वविद्यालय को कितने मिले?
इसके अलावा पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय को 101.34 करोड़ रुपये, तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय को 93.29 करोड़ रुपये, जयप्रकाश विश्वविद्यालय को 72.96 करोड़ रुपये, वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय को 68.14 करोड़ रुपये और पटना विश्वविद्यालय को 67.08 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। वहीं बीएन मंडल विश्वविद्यालय, पूर्णिया विश्वविद्यालय, मुंगेर विश्वविद्यालय और कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय सहित अन्य संस्थानों को भी उनकी आवश्यकता के अनुसार राशि उपलब्ध कराई गई है।
सरकार के फैसले से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद
सरकार के इस फैसले से उन हजारों शिक्षकों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, जो पिछले कुछ महीनों से वेतन और पेंशन के भुगतान का इंतजार कर रहे थे और आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे थे। इस राशि के जारी होने के बाद लंबित भुगतान की प्रक्रिया में तेजी आने की संभावना है। उच्च शिक्षा विभाग ने सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और वित्तीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे आवश्यक कागजी औपचारिकताएं जल्द पूरी करें, ताकि संबंधित शिक्षकों, कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के बैंक खातों में जल्द से जल्द राशि हस्तांतरित की जा सके।