Muzaffarpur drug smuggling: मुजफ्फरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई! 6,300 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद, 4 तस्कर गिरफ्तार
Muzaffarpur drug smuggling: मुजफ्फरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6,300 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद किए और चार कथित तस्करों को गिरफ्तार किया। जांच में पटना से नेपाल तक तस्करी के नेटवर्क की जानकारी सामने आई है।
Muzaffarpur drug smuggling: मुजफ्फरपुर पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन की बड़ी खेप जब्त की है और इस मामले में अंतर-जिला गिरोह के चार कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में पटना से लेकर नेपाल तक नशीले इंजेक्शन की तस्करी का नेटवर्क सामने आने की बात कही गई है, जिसकी जांच की जा रही है।
मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, बिहार से मिली सूचना के आधार पर सदर थाना क्षेत्र के मधुबनी न्यू फोर लेन स्थित मैदापुर चौबे के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने एक टाटा सुमो विक्टा वाहन की तलाशी ली। जांच में वाहन से 6,300 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन, चार मोबाइल फोन और 57,800 रुपये नकद बरामद किए गए।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र के रहने वाले आजाद अंसारी और चुमन राय तथा रक्सौल थाना क्षेत्र के रहने वाले मो. सलीम और सोनू कुमार उर्फ राहुल के रूप में हुई है। इस मामले में सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पूरे मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी मोहिबुल्ला अंसारी ने बताया कि गिरफ्तार चारों आरोपी एक वाहन से पटना से प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन लेकर नेपाल जा रहे थे। गुप्त सूचना मिलने के बाद सदर थाना क्षेत्र के न्यू बायपास फोरलेन के पास कार्रवाई की गई और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब इस गिरोह के आपराधिक इतिहास, इसके अन्य सदस्यों और संभावित अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की जांच कर रही है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।
मुजफ्फरपुर से मनीभूषण शर्मा की रिपोर्ट