बिहार में बढ़ी MBBS की 100 सीटें, समस्तीपुर और सारण में मेडिकल शिक्षा को मिली नई गति, स्वास्थ्य मंत्री निशांत का बड़ा ऐलान

राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 से श्री राम जानकी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, समस्तीपुर तथा राजकीय मेडिकल कॉलेज, छपरा (सारण) में 50-50 MBBS सीटों के संचालन की अनुमति प्रदान की गई है।

MBBS Seats in Bihar
MBBS Seats in Bihar- फोटो : news4nation

MBBS Seats in Bihar : बिहार में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 से श्री राम जानकी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, समस्तीपुर तथा राजकीय मेडिकल कॉलेज, छपरा (सारण) में 50-50 MBBS सीटों के संचालन की अनुमति प्रदान की गई है। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) द्वारा दोनों संस्थानों को जारी Letter of Permission (LoP) के माध्यम से यह अनुमति दी गई है।  


 निशांत ने आभार व्यक्त किया

वहीं स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा बिहार सरकार के अनुरोध को स्वीकार किए जाने पर केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समस्तीपुर और सारण में 50-50 MBBS सीटों की अनुमति मिलना बिहार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से बिहार में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार हो रहा है।


उन्होंने कहा कि इन सभी मेडिकल कॉलेजों में पढ़ाई के लिए आवश्यक शिक्षकों और संसाधनों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। मेडिकल कॉलेजों का विस्तार केवल चिकित्सा शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा प्रभाव स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, चिकित्सकों की उपलब्धता और मरीजों को बेहतर उपचार मिलने पर पड़ता है। नए मेडिकल कॉलेजों के माध्यम से मेडिकल शिक्षा के साथ-साथ अस्पतालों की क्षमता और चिकित्सा सुविधाओं को भी मजबूत किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य बिहार में ऐसी स्वास्थ्य व्यवस्था तैयार करना है, जहां लोगों को गुणवत्तापूर्ण और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं अपने ही क्षेत्र में घर के नजदीक उपलब्ध हों। नए मेडिकल कॉलेज और MBBS सीटों में वृद्धि इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


स्वास्थ्य व्यवस्था की क्षमता में मजबूती 

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, समस्तीपुर और सारण में मेडिकल कॉलेजों में MBBS पाठ्यक्रम के संचालन से विद्यार्थियों को अपने राज्य और अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का विकल्प और बेहतर अवसर मिलेगा। साथ ही, मेडिकल कॉलेजों से संबद्ध अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं, आधुनिक उपचार सुविधाओं और स्वास्थ्य व्यवस्था की क्षमता को भी मजबूती मिलेगी। इन दोनों संस्थानों में 50-50 MBBS सीटों की स्वीकृति बिहार में मेडिकल शिक्षा के विकेंद्रीकरण और क्षेत्रीय विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे उत्तर बिहार के महत्वपूर्ण क्षेत्र समस्तीपुर तथा सारण क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं का आधार और मजबूत होगा।


 राज्य में मेडिकल शिक्षा के विस्तार के साथ-साथ मेडिकल कॉलेजों एवं संबद्ध अस्पतालों में आधारभूत संरचना, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, मानव संसाधन और मरीजों के लिए आवश्यक सेवाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। इससे बिहार के युवाओं के लिए चिकित्सा क्षेत्र में शिक्षा और करियर के नए अवसर सृजित होंगे तथा राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को दीर्घकालिक मजबूती मिलेगी। समस्तीपुर और सारण में नए MBBS बैच के संचालन की अनुमति बिहार में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार, स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और भविष्य के लिए बेहतर चिकित्सकीय मानव संसाधन तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।