Bihar Crime: गंडक में शव ! घंटों चला सर्च ऑपरेशन, मिला इसका अवशेष
Bihar Crime: गोपालगंज में गंडक नदी में नेपाल की ओर से मानव शव बहकर आने की सूचना ने जिला प्रशासन में हड़कंप मचा दिया...
Bihar Crime: गोपालगंज में गंडक नदी में नेपाल की ओर से मानव शव बहकर आने की सूचना ने जिला प्रशासन में हड़कंप मचा दिया। सूचना मिलते ही प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीआरएफ, पुलिस, अंचल प्रशासन, आपदा प्रबंधन और मेडिकल टीम को मौके पर रवाना किया। टीम ने नाव के जरिए गंडक नदी के दियारा इलाके में कई घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी एक भी मानव शव बरामद नहीं हुआ।
मामला सदर प्रखंड के खाप मकसूदपुर का है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से प्रशासन को सूचना दी गई थी कि नेपाल की तरफ से गंडक नदी में एक मानव शव बहकर आया है। सूचना सामने आते ही प्रशासनिक महकमे में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल जांच के लिए टीम गठित कर दी गई।जांच टीम में सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शहनवाज यूसुफजई, अंचलाधिकारी रजत वर्णवाल, जादोपुर थाना प्रभारी, आपदा मित्र सुधीर कुमार, एसडीआरएफ के तीन सदस्य और मेडिकल टीम शामिल थी। टीम ने जनप्रतिनिधियों के साथ नाव से गंडक नदी के दियारा क्षेत्र में पहुंचकर बताए गए स्थान और उसके आसपास व्यापक तलाशी ली।
प्रशासनिक टीम ने नदी के कई हिस्सों में सघन छानबीन की। आसपास के इलाकों में भी खोज अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान नदी में कुछ मृत मछलियां और पशुओं के शव के अवशेष बहते हुए जरूर दिखाई दिए, लेकिन किसी भी मानव शव का कोई सुराग नहीं मिला।डीएम समीर सौरभ ने बताया कि एक वीडियो आउटलेट के माध्यम से प्रशासन को गंडक नदी के उत्तरी छोर पर मानव शव देखे जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद एसडीआरएफ, बीडीओ, सीओ और पुलिस की टीम ने नदी के रास्ते कई घंटे तक तलाशी अभियान चलाया।
डीएम के मुताबिक, सघन तलाशी के बावजूद मानव शव नहीं मिला। नदी में मृत मछलियां और पशुओं के अवशेष जरूर मिले। ऐसे में प्रशासन का अनुमान है कि संभवतः इन्हीं अवशेषों या मृत मछलियों को देखकर मानव शव होने की सूचना सामने आई होगी। प्रशासन ने जांच के बाद इसकी रिपोर्ट भी भेज दी है।
नेपाल में आई बाढ़ के बाद गंडक नदी में मृत मछलियों और पशुओं के अवशेष बहकर आने की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि गंडक नदी की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।अधिकारियों ने लोगों से नदी में बहकर आने वाली संदिग्ध वस्तुओं या शव जैसे दिखाई देने वाले अवशेषों को खुद छूने या नदी में उतरकर जांच करने के बजाय तत्काल प्रशासन और पुलिस को सूचना देने की अपील की है। फिलहाल मानव शव मिलने की सूचना की जांच के बाद प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि तलाशी अभियान में कोई मानव शव बरामद नहीं हुआ।
रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा