प्रेमी से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, पटना में घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा
युवती ने पुलिस को बताया कि करीब तीन साल पहले एक ही कोचिंग में पढ़ाई के दौरान उसे एक युवक से प्यार हो गया था। दोनों पिछले तीन साल से रिलेशनशिप में हैं। कुछ दिन पहले युवती ने प्रेमी से शादी की बात कही
Bihar News : पटना जिले के नौबतपुर में प्रेमी से शादी करने की जिद में शनिवार सुबह एक युवती नौबतपुर प्रखंड परिसर के समीप स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती के टावर पर चढ़ने की खबर मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घंटों चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद डायल-112 की पुलिस ने समझा-बुझाकर युवती को सुरक्षित नीचे उतारा और उसे थाना ले गई।
युवती ने पुलिस को बताया कि करीब तीन साल पहले एक ही कोचिंग में पढ़ाई के दौरान उसे एक युवक से प्यार हो गया था। दोनों पिछले तीन साल से रिलेशनशिप में हैं। कुछ दिन पहले युवती ने प्रेमी से शादी की बात कही, लेकिन युवक ने यह कहते हुए शादी से इनकार कर दिया कि दोनों अलग-अलग जाति के हैं। इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
युवती के अनुसार, शुक्रवार को उसने डायल-112 पर फोन कर शिकायत की थी। शिकायत के बाद प्रेमी ने कथित तौर पर उसे धमकी दी, जिससे डरकर वह घर चली गई। बीती रात फिर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद शनिवार सुबह युवती प्रखंड परिसर के समीप मोबाइल टावर पर चढ़ गई।
मौके पर जुटी पुलिस और लोगों ने काफी देर तक उसे समझाया। इसके बाद युवती टावर से नीचे उतरी। दोनों पिपलावां थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। नौबतपुर थानाध्यक्ष मंजीत कुमार ठाकुर ने बताया कि युवती को थाना लाया गया है। उसके प्रेमी को भी बुलाया जा रहा है। दोनों से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सुमित कुमार की रिपोर्ट