पीएम मोदी के जन्मदिवस पर बिहार बीजेपी का 'सेवा संकल्प अभियान' का ऐलान, एक महीने की अवधि में आयोजित होंगे 13 महत्वपूर्ण कार्यक्रम
पीएम मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से बिहार बीजेपी की ओर से सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की करेगी। यह अभियान पूरे एक महीने तक चलेगा....
Patna : भारतीय जनता पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने राज्यभर में 'सेवा संकल्प अभियान' चलाए जाने की औपचारिक घोषणा की है। यह विशेष अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक पूरे एक महीने तक चलाया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि पार्टी संगठन इस दौरान सेवा, सुशासन और जन-कल्याण के विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा।
सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों का ऐतिहासिक कार्यकाल
संजय सरावगी ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री पद तक पीएम नरेंद्र मोदी के संवैधानिक और सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने इसे जनसेवा और राष्ट्र निर्माण का एक समर्पित दौर करार दिया। इसी ऐतिहासिक उपलब्धि को समर्पित करते हुए बिहार भाजपा इस एक महीने की अवधि को सेवा और सामाजिक समरसता के संकल्प के रूप में मनाएगी।
पहले दिन महा-रक्तदान और लाभार्थियों द्वारा दीप प्रज्वलन
अभियान के पहले दिन यानी 17 सितंबर को भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेतृत्व में राज्यभर में बड़े पैमाने पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही, केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थी अपने-अपने घरों में दीप जलाकर प्रधानमंत्री के प्रति अपनी एकजुटता और आभार व्यक्त करेंगे।
एक महीने की अवधि में आयोजित होंगे 13 महत्वपूर्ण कार्यक्रम
इस एक महीने चलने वाले 'सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत कुल 13 अलग-अलग प्रकार के बड़े कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। इन आयोजनों के जरिए भाजपा कार्यकर्ता पंचायत से लेकर जिला स्तर तक जाकर जनता से सीधा संवाद स्थापित करेंगे तथा सरकार की योजनाओं का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे।
वंदे मातरम् का सामूहिक गायन और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड
अभियान का सबसे बड़ा आकर्षण राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के छह छंदों का भव्य सामूहिक गायन होगा। इस विशाल आयोजन में सांसद से लेकर पंचायत स्तर तक के लाखों जनप्रतिनिधि एक साथ जुटकर वंदे मातरम् का गान करेंगे। इस अभूतपूर्व राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम को दर्ज करने के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की टीम भी मौके पर विशेष रूप से मौजूद रहेगी।
नरोत्तम की रिपोर्ट