हिसुआ गोलीकांड पर विधायक अनिल सिंह का बड़ा हमला, विपक्ष पर राजनीतिक रोटियां सेंकने और वातावरण बिगाड़ने का लगाया आरोप
नवादा के हिसुआ में हुए गोलीकांड को लेकर बीजेपी विधायक अनिल सिंह ने विपक्ष पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि विपक्ष के नेता राजनीतिक लाभ के लिए क्षेत्र का माहौल बिगाड़ रहे है, जबकि मामले की जांच चल रही है.....
Nawada : जिले के हिसुआ से भाजपा विधायक अनिल सिंह ने चंद्रवंशी नगर गोलीकांड को लेकर अपने आवास पर मीडिया से बातचीत में विपक्षी नेताओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पूर्व मंत्री राजबल्लभ यादव, पूर्व विधायक कौशल यादव और बहुजन नेता अशोक महतो की बयानबाजी पर कड़ी नाराजगी जताई। अनिल सिंह ने सीधा आरोप लगाया कि ये लोग हिसुआ में आकर केवल अपनी राजनीतिक रोटियां सेंक रहे हैं और क्षेत्र का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।
मामले को जातीय रंग देने की साजिश का पर्दाफाश
विधायक ने कहा कि 1 अगस्त को प्रणव कुमार की हत्या और दो अन्य लोगों के घायल होने की घटना अत्यंत निंदनीय थी। इसके बाद कुछ लोगों ने इसे बहुजन बनाम सवर्ण बनाकर जातीय रंग देने का गंदा खेल खेला। उन्होंने खुलासा किया कि राजनीतिक लाभ के लिए आयोजित कैंडल मार्च से मृतक के पिता ने खुद को अलग कर लिया था। विधायक ने यह भी बताया कि उनके आवास के बाहर हंगामा और आगजनी किए जाने के बावजूद उन्होंने क्षेत्र की शांति के लिए संयम बनाए रखा।
भड़काऊ बयानबाजी और असामाजिक तत्वों पर नकेल
अनिल सिंह ने बताया कि प्रशासन निष्पक्षता से अपना काम कर रहा है। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, भ्रामक और जातीय विद्वेष फैलाने वाले बयानों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमे दर्ज किए हैं। इसके साथ ही, घटना के आड़ में माहौल बिगाड़ने की मंशा से दोनों पक्षों की ओर से निकाले गए जुलूसों और कानून का उल्लंघन करने वाले उपद्रवियों पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई की गई है।
एसआईटी जांच में तेजी, मुख्य आरोपी पुलिस रिमांड पर
मामले में प्रशासनिक कार्रवाई की जानकारी देते हुए अनिल सिंह ने बताया कि पुलिस की एसआईटी (SIT) टीम पूरी निष्पक्षता और बारीकी से जांच में जुटी हुई है। कई नामजद आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है, जबकि मुख्य अभियुक्त से पुलिस रिमांड पर लेकर गहराई से पूछताछ कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जांच प्रक्रिया में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी और सभी दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
हिसुआ की शांति और विकास को प्रभावित नहीं होने देने का संकल्प
उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक तत्वों द्वारा हिसुआ को बदनाम करने और यहां के विकास को बाधित करने की कोशिश की जा रही है, जिसे किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। विधायक ने दोहराया कि हिसुआ में कानून का राज कायम रहेगा और किसी भी अपराधी या माहौल बिगाड़ने वाले को बख्शा नहीं जाएगा।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट