Bihar News: बिहार में प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी, कई बड़े अधिकारी सीएम नीतीश के साथ जाएंगे दिल्ली, देखिए लिस्ट
Bihar News: बिहार में प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी की चल रही है। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार कई बड़े अधिकारी सीएम नीतीश के साथ दिल्ली जा सकते हैं।
Bihar News: बिहार की राजनीति में बदलाव के साथ साथ अब प्रशासनिक महकमे में भी बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मिली जानकारी अनुसार कई बड़े अफसर सीएम नीतीश के साथ राज्यसभा जा सकते हैं। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार अफसरशाही में बड़े स्तर पर फेरबदल की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, राज्य के कई वरिष्ठ आईएएस और आईएफएस अधिकारियों को सेंट्रल डेपुटेशन पर भेजने की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। इस संबंध में राज्य सरकार स्तर पर सहमति बन चुकी है और अब औपचारिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
इन अधिकारियों के नाम चर्चा में
जिन अधिकारियों के नाम प्रमुख रूप से सामने आ रहे हैं, उनमें अनुपम कुमार, बी. राजेंद्र, गोपाल सिंह और प्रतिमा एस. वर्मा शामिल हैं। ये सभी अधिकारी वर्तमान में महत्वपूर्ण विभागों में अहम जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। इस सूची की खास बात यह है कि इसमें मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े अधिकारी भी शामिल हैं। अनुपम कुमार मुख्यमंत्री के सचिव हैं, जबकि गोपाल सिंह ओएसडी के तौर पर कार्यरत हैं। इससे इस पूरे बदलाव को राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है।
केंद्र की मंजूरी बाकी
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, अब केवल केंद्र सरकार की औपचारिक स्वीकृति का इंतजार है। मंजूरी मिलते ही इन अधिकारियों की तैनाती दिल्ली में कर दी जाएगी। इन अधिकारियों के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद बिहार में कई अहम पद खाली होंगे, जिससे प्रशासनिक स्तर पर व्यापक फेरबदल होना तय माना जा रहा है।
सीएम के दिल्ली जाने की संभावनाओं के बीच हलचल तेज
नीतीश कुमार के दिल्ली जाने की संभावनाओं के बीच राज्य का प्रशासनिक ढांचा भी नई राजनीतिक परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालने की प्रक्रिया में है। इसे सत्ता परिवर्तन के साथ तालमेल बैठाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। कुल मिलाकर, बिहार में आने वाले दिनों में न केवल सियासी समीकरण बदलेंगे, बल्कि प्रशासनिक कामकाज और कार्यशैली में भी बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।