अजब-गजब: मारपीट में नकदी-जेवर तो छीने ही, जाते-जाते रसोई गैस सिलिंडर भी ले भागे दबंग!

शिवहर के पिपराही में क्रिकेट के विवाद को लेकर हुई मारपीट में आरोपितों ने घर में घुसकर एलपीजी सिलिंडर की लूट की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अजब-गजब: मारपीट में नकदी-जेवर तो छीने ही, जाते-जाते रसोई गैस

Sheohar - बिहार के शिवहर जिले से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां आपसी विवाद और मारपीट के दौरान दबंगों ने न केवल नकदी और जेवर लूटे, बल्कि रसोई गैस का एलपीजी सिलिंडर भी छीनकर फरार हो गए

क्रिकेट खेलने के विवाद में शुरू हुई खूनी झड़प

शिवहर जिले के पिपराही थाना अंतर्गत अंबाकला वार्ड दो में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घटना की शुरुआत तब हुई जब गांव के प्रभु कुमार का छोटा भाई गुड्डू कुमार बगीचे में अन्य बच्चों के साथ क्रिकेट खेल रहा था। इसी दौरान वहां पहुंचे धर्मेंद्र पासवान ने बच्चों के साथ खेलने की जिद की। जब बच्चों ने बड़ों के साथ खेलने से मना कर दिया, तो आरोपी धर्मेंद्र ने आपा खो दिया और विकेट उखाड़कर बच्चों की पिटाई शुरू कर दी।

हथियारों से लैस होकर पहुंचे परिजन, युवक को किया जख्मी

बच्चों के शोर मचाने पर धर्मेंद्र पासवान के परिवार के अन्य सदस्य भी लाठी-डंडे और धारदार हथियारों से लैस होकर मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि हमलावरों ने गुड्डू कुमार पर चाकू से वार कर उसे बुरी तरह जख्मी कर दिया। इस दौरान हमलावरों ने पीड़ित के गले से सोने की हनुमानी और जेब से छह हजार रुपये की नकदी भी छीन ली। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

जिले में पहली बार एलपीजी सिलिंडर की 'लूट'

इस मारपीट की घटना में सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब आया, जब आरोपी पक्ष के लोग प्रभु कुमार के घर में घुस गए और वहां रखा भारत गैस का एलपीजी सिलिंडर छीनकर फरार हो गए। आमतौर पर मारपीट की घटनाओं में मोबाइल, नकदी या आभूषणों की छिनतई की बात सामने आती है, लेकिन एलपीजी सिलिंडर की लूट का यह जिले में अपनी तरह का पहला मामला बताया जा रहा है। गैस सिलिंडर की बढ़ती कीमतों और उपलब्धता के संकट के बीच यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

सात नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

पीड़ित प्रभु कुमार की शिकायत पर पिपराही थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है। प्राथमिकी में अंबाकला वार्ड एक के निवासी धर्मेंद्र पासवान, उसके पिता कृत पासवान, भाई कमलेश पासवान, मां इंदू देवी के साथ-साथ मुन्ना पासवान, नीलू देवी और पूजन देवी को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

पुलिस जांच में जुटी, गांव में तनाव का माहौल

पिपराही थाना पुलिस ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या सिलिंडर छीनने के पीछे कोई पुरानी रंजिश थी या यह केवल मौके पर की गई लूट का हिस्सा था। फिलहाल, इस घटना के बाद गांव में दो पक्षों के बीच तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।