Bihar Politics: बिहार की राजनीति का सबसे बड़ा दिन! आज JDU में एंट्री करेंगे निशांत, सीधे डिप्टी CM पद से लॉन्चिंग की तैयारी, सियासी हलचल तेज
Bihar Politics: बिहार की राजनीति के लिए आज का दिन अहम माना जा रहा है। आज सीएम नीतीश के बेटे निशांत आधिकारिक रुप से जदयू पार्टी ज्वाइन करेंगे। सियासी गलियारों में निशांत के डिप्टी सीएम बनने की चर्चा तेज है।
Bihar Politics: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत आज(रविवार) को आधिकारिक रुप से जदयू पार्टी ज्वाइन करेंगे। दोपहर 1 बजे जदयू ऑफिस में निशांत सदस्यता ग्रहण करेंगे। इसके पहले वो पटना के महावीर मंदिर भी जाएंगे। आज बिहार की राजनीति के लिए अहम दिन माना जा रहा है, क्योंकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा के बीच उनके बेटे निशांत कुमार सक्रिय राजनीति में कदम रखने जा रहे हैं।
बिहार दौरा करेंगे निशांत
पार्टी में शामिल होने के बाद निशांत कुमार बिहार के विभिन्न इलाकों का दौरा शुरू करेंगे। जदयू के एमएलसी नीरज कुमार के अनुसार, निशांत राज्य के लगभग सभी क्षेत्रों का दौरा करेंगे और आम लोगों से संवाद स्थापित करेंगे। सूत्रों के मुताबिक, निशांत कुमार अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत चंपारण से करेंगे। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी अपनी कई यात्राओं की शुरुआत चंपारण से ही की थी। माना जा रहा है कि आने वाले समय में जदयू के संगठनात्मक मोर्चे पर निशांत की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
डिप्टी सीएम के तौर पर हो सकती है लॉन्चिंग
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि निशांत कुमार की औपचारिक राजनीतिक लॉन्चिंग उपमुख्यमंत्री पद से हो सकती है। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। फिलहाल बिहार में सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा उपमुख्यमंत्री के पद पर हैं। राजनीति में औपचारिक प्रवेश से पहले ही निशांत कुमार सक्रिय नजर आ रहे हैं। शनिवार को उन्होंने जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पर पार्टी के करीब डेढ़ दर्जन युवा विधायकों और कई वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। इसके बाद जिलाध्यक्षों के साथ भी लंबी चर्चा की। बैठक के दौरान निशांत कुमार ने कहा कि वे अपने पिता नीतीश कुमार के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे और बिहार के विकास के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी जो भी जिम्मेदारी उन्हें देगी, उसे वे पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे।
पहले महावीर मंदिर में करेंगे पूजा
जदयू की सदस्यता लेने से पहले निशांत कुमार पटना के महावीर मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद पार्टी कार्यालय में आयोजित समारोह में उन्हें आधिकारिक रूप से जदयू की सदस्यता दिलाई जाएगी। शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में पार्टी सांसदों, विधायकों और विधान पार्षदों की बैठक हुई थी। इस बैठक में संजय झा ने निशांत कुमार को जदयू में शामिल कराने का प्रस्ताव रखा, जिसे सभी नेताओं ने हाथ उठाकर समर्थन दिया।
जदयू कार्यकर्ताओं में उत्साह
निशांत कुमार के राजनीति में आने को लेकर जदयू कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। पटना स्थित जदयू कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में पोस्टर लगाए गए हैं। पोस्टरों में नीतीश कुमार और निशांत कुमार की तस्वीरें लगाई गई हैं। इनमें लिखा है— “विकसित बिहार के नए अध्याय की शुरुआत, निशांत कुमार।”