बिहार में जल्द शुरू होगी ‘भारत टैक्सी’ सेवा: यात्रियों को मिलेगी सुलभ बुकिंग, ड्राइवरों को कमीशन कटौती से मिलेगी राहत

राजधानी पटना समेत प्रदेश के चार शहरों के निवासियों के लिए एक बड़ी खबर है। इस माह के अंत तक उन्हें यात्रा करने के लिए एक नई सुविधा मिलने वाली है......

बिहार में जल्द शुरू होगी ‘भारत टैक्सी’ सेवा: यात्रियों को मि
बिहार में जल्द शुरू होगी ‘भारत टैक्सी’ सेवा- फोटो : धीरज पराशर

Patna : बिहार में यात्रियों और टैक्सी चालकों की सुविधा के लिए जल्द ही ‘भारत टैक्सी’ सेवा की शुरुआत की जाएगी। इस योजना के क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को परिवहन सचिव राज कुमार की अध्यक्षता में पटना स्थित विश्वेश्वरैया भवन में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत टैक्सी सेवा के प्रस्तावित लॉन्च, वाहन एवं चालक पंजीकरण, परमिट अनुपालन, आईटी प्लेटफॉर्म और प्रचार-प्रसार की तैयारियों की व्यापक समीक्षा की गई। विभाग ने इस महत्वाकांक्षी सेवा का शुभारंभ नवंबर माह के अंत तक करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।


प्रथम चरण में पटना, गया, वैशाली और मुजफ्फरपुर में शुरू होगी सेवा 

राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन ने बैठक के दौरान बताया कि प्रथम चरण में यह सेवा राज्य के चार प्रमुख जिलों—पटना, गया, वैशाली और मुजफ्फरपुर में शुरू करने की योजना है। उन्होंने कहा कि स्थानीय ऑटो एवं कैब एसोसिएशन के सहयोग से अधिक से अधिक चालकों को इस डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए ‘भारत टैक्सी कस्टमर ऐप’ की टेस्टिंग पूरी कर इसे एक्टिवेट कर दिया गया है।


सहकारी मॉडल पर आधारित ‘सारथी-मालिक’ व्यवस्था, अब तक 2005 चालक जुड़े 

भारत टैक्सी के सीईओ कर्नल हिमांशु ने बताया कि यह एक मोबाइल ऐप आधारित सेवा है जो पूरी तरह से सहकारी मॉडल पर काम करती है। इसमें टैक्सी चालक केवल ड्राइवर न होकर सहकारी संस्था के सदस्य और हिस्सेदार (मालिक) बन सकते हैं तथा इसके प्रबंधन बोर्ड में प्रतिनिधित्व भी पा सकते हैं। बिहार में अब तक लगभग 2,005 टैक्सी चालक भारत टैक्सी प्लेटफॉर्म से जुड़ चुके हैं। इस मॉडल से चालकों को भारी कमीशन कटौती से बड़ी राहत मिलेगी।


पारदर्शिता और सुरक्षा पर रहेगा जोर, महिला यात्रियों की सुरक्षा के होंगे विशेष इंतजाम 

परिवहन सचिव राज कुमार ने बताया कि इस सेवा के शुरू होने से मौजूदा परिवहन व्यवस्था में पारदर्शिता और तकनीक आधारित सुविधाओं को बढ़ावा मिलेगा। ऐप के माध्यम से यात्रियों को सही किराये और वाहनों की उपलब्धता की वास्तविक जानकारी आसानी से मिल सकेगी। इसके साथ ही, महिला यात्रियों सहित सभी सवारियों के लिए ऐप में विशेष सुरक्षा मानक और पैनिक फीचर्स उपलब्ध कराए जाएंगे।


बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों और कैब यूनियनों के प्रतिनिधि रहे मौजूद 

समीक्षा बैठक में राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन, पटना नगर आयुक्त यशपाल मीणा, डीआईजी ट्रैफिक सुशांत कुमार सरोज, जिला परिवहन पदाधिकारी (पटना) उपेंद्र पाल, भारत टैक्सी के प्रतिनिधि तथा बिहार एवं पटना मोटर कैब ड्राइवर्स यूनियन के प्रतिनिधि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। परिवहन सचिव ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर शेष बची तैयारियों को समय-सीमा के भीतर पूरा करने का सख्त निर्देश दिया।


धीरज पराशर की रिपोर्ट