NEET धांधली के विरोध में पटना में आइशा का उग्र प्रदर्शन, पुलिस पर पथराव और लाठीचार्ज से डाकबंगला चौराहा बना अखाड़ा
दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों पर हुए लाठीचार्ज और NEET परीक्षा में धांधली के विरोध में बुधवार को राजधानी पटना में छात्रों ने उग्र प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस बलों पर पथराव, चाकू से हमला और सरकारी व गश्ती वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की गई...
Patna : दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों पर हुए लाठीचार्ज और NEET परीक्षा में धांधली के विरोध में बुधवार को राजधानी पटना में छात्रों का प्रदर्शन बेहद उग्र हो गया। आइशा (AISA) के बैनर तले आयोजित इस लोकभवन मार्च के दौरान प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।
जेपी गोलंबर पर बैरिकेडिंग तोड़ी, पुलिस पर सुनियोजित हमला
प्रदर्शनकारियों की भारी भीड़ ने जेपी गोलंबर पर जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेडिंग को तोड़ दिया और डाकबंगला चौराहे की ओर बढ़ गए। इस दौरान उपद्रवियों ने सुनियोजित साजिश के तहत पुलिस बलों पर पथराव, चाकू से हमला और सरकारी व गश्ती वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
गांधी मैदान थानाध्यक्ष घायल, पुलिस ने चलाया वाटर कैनन व आंसू गैस
उपद्रव को नियंत्रित करने के दौरान गांधी मैदान थाना प्रभारी अखिलेश कुमार मिश्रा के सिर पर पत्थर लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और उग्र भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन (पानी की बौछार) तथा आंसू गैस के गोले छोड़े।
डाकबंगला चौराहे पर 5-6 घंटे ठप्प रहा यातायात, केंद्रीय बल तैनात
प्रदर्शनकारियों के डाकबंगला चौराहे पर जम जाने के कारण लगभग 5 से 6 घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप्प रहा। प्रशासन द्वारा समझाने-बुझाने के तमाम प्रयास विफल होने के बाद बिहार पुलिस के साथ-साथ केंद्रीय बलों की तैनाती कर पूरे क्षेत्र की घेराबंदी की गई।
दर्जनों उपद्रवी हिरासत में, पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी
हाई-वोल्टेज ड्रामे और उग्र प्रदर्शन के बाद जिला प्रशासन और पटना पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया। पुलिस ने मामले में संलिप्त कई उपद्रवियों को हिरासत में लिया है और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा पुलिस पर हमले के आरोप में कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
अनिल की रिपोर्ट