बड़ी खबर : सुपौल में मिड-डे मील खाने से 50 से अधिक बच्चे बीमार, मचा हड़कंप

बड़ी खबर : सुपौल में मिड-डे मील खाने से 50 से अधिक बच्चे बीम
मिड-डे मील खाने से 50 से अधिक बच्चे बीमार- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां त्रिवेणीगंज अनुमंडल अंतर्गत राजकीय मध्य विद्यालय, मिरजवा में मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) खाते ही 50 से अधिक बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। भोजन करने के कुछ ही देर बाद बच्चों को उल्टी, पेट दर्द और तेज घबराहट की शिकायत होने लगी, जिससे पूरे स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया।


अनुमंडलीय अस्पताल में कराया गया भर्ती, डॉक्टर मुस्तैद

शुरुआत में दो दर्जन बच्चों के बीमार होने की सूचना मिली थी, लेकिन देखते ही देखते प्रभावित बच्चों की संख्या 50 पार कर गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सभी बच्चों को एम्बुलेंस और अन्य वाहनों के जरिए तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल, त्रिवेणीगंज पहुंचाया गया, जहाँ डॉक्टरों की टीम उनके इलाज में जुट गई।


प्रशासनिक अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर लिया जायजा

घटना की सूचना मिलते ही एसडीओ अभिषेक कुमार, एसडीपीओ विभाष कुमार, थानाध्यक्ष राकेश कुमार और प्रखंड शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार तुरंत अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने चिकित्सकों से इलाज की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और सभी बच्चों को बेहतर व त्वरित चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के सख्त निर्देश दिए।


बच्चों की हालत स्थिर, परिजनों की लगी भारी भीड़

अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल सभी बच्चों की स्थिति सामान्य और खतरे से बाहर है, फिर भी एहतियात के तौर पर उन्हें निगरानी में रखा गया है। इधर घटना की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परेशान परिजनों की भारी भीड़ जुट गई, जिसके बाद प्रशासन ने लोगों से धैर्य बनाए रखने और अफवाह न फैलाने की अपील की।


जिलाधिकारी ने दिए जांच के आदेश, दोषियों पर होगी कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सावन कुमार ने बताया कि सभी बच्चे सुरक्षित हैं और स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने अनुमंडल अधिकारी (एसडीएम) को पूरे मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आते ही लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट