केंद्रीय कृषि मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित राष्ट्रीय बैठक में शामिल हुए कृषि मंत्री विजय सिन्हा, बिहार में 'खेत बचाओ अभियान' की उपलब्धियों को किया साझा

खेतों का संरक्षण, किसानों की आर्थिक समृद्धि और टिकाऊ कृषि बिहार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उक्त बातें कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने केन्द्रीय कृषि मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तीरय कार्यक्रम के दौरान कही.....

केंद्रीय कृषि मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित राष्ट्रीय बैठक
केंद्रीय कृषि मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शामिल हुए कृषि मंत्री विजय सिन्हा- फोटो : रिपोर्टर

Patna : केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित एक उच्चस्तरीय राष्ट्रीय कार्यक्रम में बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने राज्य की कृषि नीतियों को रखते हुए मृदा (मिट्टी) स्वास्थ्य संरक्षण, जल संरक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। 


मंत्री ने कहा कि खेतों का संरक्षण, किसानों की आर्थिक समृद्धि और टिकाऊ कृषि बिहार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं, क्योंकि स्वस्थ मिट्टी, संरक्षित जल और जागरूक किसान ही आत्मनिर्भर बिहार की सबसे मजबूत नींव हैं।


बिहार में चलाए गए ‘खेत बचाओ अभियान’ की प्रमुख उपलब्धियां

बैठक के दौरान मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बिहार में कृषि सुधार और किसानों के बीच जागरूकता फैलाने के लिए चलाए गए ‘खेत बचाओ अभियान’ के शानदार आंकड़ों को साझा किया:

  • राज्यभर में यह विशेष अभियान 1 जून से 30 जून तक चलाया गया था।
  • इस दौरान किसानों को जागरूक करने के लिए कुल 7,275 किसान चौपालों का सफल आयोजन किया गया।
  • अभियान के तहत कुल 6 लाख 19 हजार 436 किसानों को प्रत्यक्ष रूप से प्रशिक्षित और जागरूक किया गया।


आगामी 26 अक्टूबर से 30 नवंबर तक फिर से चलेगा अभियान

किसानों को आधुनिक और टिकाऊ खेती के तौर-तरीकों से जोड़ने के लिए सरकार ने इस अभियान को आगे भी जारी रखने का निर्णय लिया है। इसके तहत आगामी 26 अक्टूबर से 30 नवंबर तक राज्य में ‘खेत बचाओ अभियान’ का अगला चरण पुनः चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक किसानों तक इसकी पहुंच सुनिश्चित की जा सके।

अभिजीत की रिपोर्ट