पटना में वट सावित्री पूजा के दौरान बरगद के पेड़ में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी

पटना के फतुहा में वट सावित्री पूजा के दौरान एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जब बरगद के एक विशाल पेड़ में आग लग गई इससे महिला श्रद्धालुओं में अफरातफरी मच गई.

banyan tree caught fire in Fatuha
banyan tree caught fire in Fatuha- फोटो : news4nation

Bihar News :  वट सावित्री पूजा के दौरान पटना के प्रखंड कार्यालय परिसर फतुहा में  एक बड़ी दुर्घटना हो गई जब एक बरगद के पेड़ में भीषण आग लग गई। घटना के बाद प्रखंड परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। शनिवार को वट सावित्री व्रत के अवसर पर प्रखंड परिसर में स्थित प्राचीन बरगद पेड़ के पास सुबह से ही सुहागिन महिलाओं की भारी भीड़ जुटी थी। 


दरअसल, महिलाएं पति की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना के साथ पेड़ के चारों ओर कच्चा सूत (धागा) लपेटकर परिक्रमा कर रही थीं। इसी दौरान पूजा के लिए जलाए गए घी के दीये की लौ के कारण पेड़ में बंधे सूखे धागों के संपर्क में आ गई।


देखते ही देखते सुलग उठा पूरा पेड़

कच्चा सूत होने के कारण आग ने बेहद तेजी से विकराल रूप ले लिया। पेड़ के तने पर लपेटे गए सैकड़ों धागे धू-धू कर जलने लगे। आग की लपटें उठती देख पूजा कर रही महिलाओं और श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई। महिलाएं अपनी पूजा सामग्री छोड़कर जान बचाने के लिए पीछे की ओर भागीं।


ऐसे टला बड़ा हादसा

राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी श्रद्धालु के हताहत होने या झुलसने की कोई सूचना नहीं है। समय रहते सभी सुरक्षित दूरी पर हट गए थे। आग की लपटें बढ़ती देख परिसर में मौजूद स्थानीय लोगो ने तुरंत मोर्चा संभाला। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक पेड़ का निचला हिस्सा और पूजा सामग्री पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे।

रजनीश की रिपोर्ट