Bihar News : पटना में बेखौफ अपराधियों का तांडव, बच्चे को कोचिंग से लाने जा रही महिला से झपटी लाखों रूपये की चेन

Bihar News : पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र में एक महिला का दिनदहाड़े बाइक सवार शातिरों ने चेन झपट लिया। घटना के बाद महिला चीखती रही तबतक बदमाश तेज रफ्तार से फरार हो गए.......पढ़िए आगे

Bihar News : पटना में बेखौफ अपराधियों का तांडव, बच्चे को कोच
महिला से झपटी चेन - फोटो : ANIL

PATNA : पटना में बेखौफ अपराधियों का मनोबल इस कदर बढ़ गया है कि दिन के उजाले में भी महिलाएं सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। ताजा मामला कदमकुआं थाना क्षेत्र के नवल किशोर रोड से सामने आया है, जहां बाइक सवार दो शातिर अपराधियों ने दिनदहाड़े एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और तेजी से फरार हो गए। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में गहरा असंतोष और दहशत का माहौल व्याप्त है।

पीड़िता की पहचान कदमकुआं के पार्क रोड निवासी स्मिता भारती के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, स्मिता भारती अपने बच्चे को कोचिंग से घर लाने के लिए पैदल निकल रही थीं। इसी दौरान नवल किशोर रोड पर पहले से घात लगाए बाइक सवार दो अपराधी अचानक उनके पास पहुंचे और गले पर झपट्टा मारकर करीब 15 ग्राम की सोने की चेन खींच ली। घटना के बाद पीड़िता ने शोर मचाकर लोगों को मदद के लिए आवाज दी, लेकिन जब तक आसपास के लोग जुटते, तब तक अपराधी सब्जीमंडी रोड की ओर तेजी से निकल भागे।

घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद कदमकुआं थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पीड़िता के बयान के आधार पर कदमकुआं पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है, जिसमें बाइक सवार अपराधियों की संदिग्ध तस्वीरें कैद हुई हैं। पुलिस अब फुटेज में दिख रहे शातिरों का हुलिया और बाइक के नंबर के आधार पर उनकी तलाश में जुट गई है।

उल्लेखनीय है कि कदमकुआं और आसपास के क्षेत्रों में चेन स्नैचिंग की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे आम नागरिकों में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर काफी चिंता देखी जा रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अपराधियों में कानून का भय खत्म हो चुका है और वे आसानी से वारदातों को अंजाम देकर सुरक्षित निकल जाते हैं। मामले के संबंध में कदमकुआं थानाध्यक्ष ने बताया कि लिखित शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर त्वरित जांच शुरू कर दी गई है। संदिग्ध अपराधियों की तस्वीरें आसपास के सभी थानों और पुलिस नेटवर्क में साझा कर दी गई हैं। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर अपराधियों को जल्द से जल्द चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अनिल की रिपोर्ट