ग्रामीण इलाको के जलमीनारों पर लगेंगे 20 किलोवाट के सोलर पैनल, सीएम सम्राट चौधरी की पंचायती राज विभाग के साथ समीक्षा बैठक में दिए आदेश
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को पंचायती राज विभाग के तहत चल रहे योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कई सख्त निर्देश दिए...
Patna : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में पंचायती राज विभाग के अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय अहम समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने विभाग के अंतर्गत चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए।
पंचायत सरकार भवनों के निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने और रखरखाव पर जोर
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्यभर में चल रहे पंचायत सरकार भवनों के निर्माण कार्य को समय पर पूरा करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही, पहले से बने पंचायत सरकार भवनों के बेहतर रखरखाव और नियमित देखरेख सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।
ग्रामीण इलाकों में सौर ऊर्जा को बढ़ावा, जलमीनारों पर लगेंगे 20 किलोवाट के सोलर पैनल
ग्रामीण क्षेत्रों में हरित ऊर्जा और सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने एक बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने पंचायतों में स्थित सभी जलमीनारों पर 20 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल स्थापित करने का आदेश दिया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण इलाकों में बिजली पर निर्भरता कम करना और जल आपूर्ति से जुड़ी सुविधाओं को अधिक मजबूत व सुचारू बनाना है।
योजनाओं की नियमित निगरानी और प्रभावी क्रियान्वयन सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर बुनियादी सुविधाओं का विस्तार और सभी विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को योजनाओं की सतत निगरानी करने तथा तय किए गए लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।