Bihar News : सुशासन दिवस की पूर्व संध्या पर नीतीशमय हुआ नालंदा, पूर्णिया में जदयू कार्यकर्ताओं ने दीप जलाकर मनाया दीपोत्सव
Bihar News : सुशासन दिवस की पूर्व संध्या पर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा में जनता दल (यूनाइटेड) के कार्यकर्ताओं ने भव्य दीपोत्सव मनाया।
NALANDA : सुशासन दिवस की पूर्व संध्या पर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा में जदयू कार्यकर्ताओं ने दीपोत्सव मनाकर पूरे माहौल को नीतीशमय कर दिया। बिहारशरीफ के अस्पताल चौराहा स्थित जदयू कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने दीप जलाकर खुशियां मनाईं। इस दौरान नीतीश कुमार के 20 वर्षों के शासनकाल को सुशासन और विकास का प्रतीक बताया गया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार को जंगलराज, भ्रष्टाचार और अराजकता से बाहर निकालकर विकास की नई राह दिखाई।
इस मौके पर जदयू एमएलसी रीना यादव ने कहा कि जिस तरह भगवान श्रीराम ने रावण के आतंक का अंत कर रामराज की स्थापना की थी, उसी तरह 24 नवंबर 2005 को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद नीतीश कुमार ने बिहार को जंगलराज, भ्रष्टाचार और अराजकता से मुक्ति दिलाने का काम किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने पर जिस तरह दीप जलाकर खुशियां मनाई गई थीं, उसी उत्साह और उमंग के साथ जदयू कार्यकर्ता सुशासन दिवस मना रहे हैं। वहीं, जदयू नेता एवं कोषाध्यक्ष रंजीत कुमार ने नीतीश कुमार को बिहार का विश्वकर्मा बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में बिहार के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण काम किए हैं। उनके विकास कार्यों और उपलब्धियों का संदेश घर-घर तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार जैसे ईमानदार और विकास के प्रति समर्पित नेता का कोई जोड़ नहीं है। उन्होंने विश्वकर्मा के स्वरूप में बिहार को संवारने और विकास की नई पहचान दिलाने का काम किया है। कार्यक्रम में जदयू जिलाध्यक्ष मोहम्मद अरशद समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने दीप जलाकर सुशासन दिवस मनाया और नीतीश कुमार के शासनकाल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

वहीँ पूर्णिया में सुशासन दिवस एवं नीतीश संवाद कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बिहार सरकार की भवन निर्माण मंत्री लेसी सिंह के आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में जदयू के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने 1100 दीप जलाकर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल को याद किया।

कार्यक्रम के दौरान जदयू कार्यकर्ताओं ने दीप जलाकर सुशासन दिवस के अवसर पर अपनी सहभागिता दर्ज कराई। मौके पर जदयू के जिला अध्यक्ष प्रकाश पटेल ने कहा कि 24 नवंबर 2005 को नीतीश कुमार ने पहली बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसी ऐतिहासिक अवसर की याद में प्रत्येक वर्ष दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित कर उनके कार्यकाल को याद किया जाता है।
नालंदा से राज और पूर्णिया से अंकित की रिपोर्ट