Bihar Durga Puja: महाअष्टमी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, मां दुर्गा की गोद भराई को उमड़ीं हजारों महिलाएं, जयकारों से गूंजे पूजा पंडाल

Bihar Durga Puja: शारदीय नवरात्र की महाअष्टमी पर रविवार को बिहारशरीफ में भक्ति, श्रद्धा और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। ...

Bihar Durga Puja
परंपरा, विश्वास और आस्था का अनूठा संगम- फोटो : reporter

Bihar Durga Puja: शारदीय नवरात्र की महाअष्टमी पर रविवार को बिहारशरीफ में भक्ति, श्रद्धा और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। मां दुर्गा के दरबार में गोद भराई की रस्म निभाने के लिए महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही हाथों में पूजा की थाली, चुनरी, नारियल, फल और शृंगार की सामग्री लेकर श्रद्धालु महिलाएं विभिन्न पूजा पंडालों और मंदिरों में पहुंचने लगीं। शहर के भैंसासुर, पुलपर, मोहद्दीनगर और सोहसराय समेत कई इलाकों में भक्तों की चहल-पहल बनी रही। कई पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ इतनी अधिक रही कि महिलाओं को अपनी बारी के लिए कतार में इंतजार करना पड़ा। माता के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा शहर भक्तिमय नजर आया।

मां की गोद भराई के लिए उमड़ीं महिलाएं, विधि-विधान से की पूजा

महाअष्टमी के पावन अवसर पर महिलाओं ने मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना कर गोद भराई की पारंपरिक रस्म निभाई। श्रद्धालुओं ने माता को चुनरी, नारियल, फल, मिठाई और शृंगार की सामग्री अर्पित की। इस दौरान महिलाओं ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली, घर में सुख-शांति और जीवन में मंगल की कामना की।नवरात्र के आठवें दिन मां दुर्गा के दर्शन और पूजन को लेकर श्रद्धालुओं में खास उत्साह दिखा। परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पहुंचीं महिलाओं ने माता के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद मांगा। पूजा पंडालों में सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला चलता रहा और श्रद्धालुओं की आवाजाही देर तक जारी रही।

परंपरा, विश्वास और आस्था का दिखा अनूठा संगम

महाअष्टमी पर माता की गोद भराई की रस्म महिलाओं के बीच विशेष महत्व रखती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, श्रद्धालु महिलाएं मां दुर्गा को पूजन और शृंगार सामग्री अर्पित कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति तथा परिवार की मंगलकामना के लिए प्रार्थना करती हैं। इसी आस्था के साथ बिहारशरीफ के विभिन्न मोहल्लों से महिलाएं माता के दरबार में पहुंचीं।

भैंसासुर मोहल्ले की श्रद्धालु रीता देवी ने बताया कि वह हर साल महाअष्टमी के अवसर पर मां दुर्गा के दर्शन करने और गोद भराई की रस्म निभाने आती हैं। उन्होंने कहा कि माता के दरबार में पहुंचकर उन्हें विशेष श्रद्धा और आत्मिक संतोष की अनुभूति होती है।वहीं, पुलपर की विंध्यवासिनी कुमारी ने बताया कि उन्होंने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर अपने परिवार की सुख-शांति और खुशहाली की कामना की है।

पूजा समितियां संभालती रहीं व्यवस्था, जयकारों से गूंजे पंडाल

श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए शहर के प्रमुख पूजा पंडालों में पूजा समितियों के सदस्य व्यवस्था संभालते नजर आए। भक्तों को कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराने और पूजा-अर्चना में सुविधा देने का प्रयास किया गया। मंदिरों और पंडालों में सुबह से देर तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।महाअष्टमी के मौके पर बिहारशरीफ में धार्मिक परंपराओं और सामूहिक आस्था की जीवंत तस्वीर देखने को मिली। मां दुर्गा के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने परिवार की खुशहाली और मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। शारदीय नवरात्र के इस पावन अवसर पर पूरा शहर भक्तिरस में सराबोर नजर आया।

रिपोर्ट- राज पाण्डेय