स्कूल से लौट रही छात्रा के दिनदहाड़े अपहरण के प्रयास का आरोप, किशोर की पिटाई; पुलिस ने लिया हिरासत में

मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र में स्कूल से लौट रही नाबालिग छात्रा के अपहरण के प्रयास के आरोप में लोगों ने किशोर की पिटाई कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किशोर को निरुद्ध किया और मामले की जांच जारी है।

Muzaffarpur sipahpur chowk juvenile beaten over kidnapping a
मुजफ्फरपुर में बोलेरो से पहुंचे किशोर पर अपहरण के प्रयास का आरोप, लोगों ने पीटा; SDPO ने दी जानकारी- फोटो : Reporter

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दिनदहाड़े बीच सड़क पर लोगों ने एक विधि विरुद्ध बालक की जमकर पिटाई कर दी। स्थानीय लोगों का आरोप था कि वह किशोर स्कूल से लौट रही एक नाबालिग युवती का अपहरण करने का प्रयास कर रहा था।


सिपाहपुर चौक के पास बोलेरो से पहुंचा था किशोर

यह घटना अहियापुर थाना क्षेत्र के सिपाहपुर चौक के समीप की है, जहां सोमवार दोपहर बोलेरो वाहन से पहुंचे किशोर को लोगों ने पकड़ लिया और अपहरण के प्रयास का आरोप लगाते हुए मारपीट शुरू कर दी। घटना की सूचना मिलते ही अहियापुर थाने की डायल 112 टीम मौके पर पहुंची और विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध कर लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर अगली कार्रवाई में जुटी है।


पूर्व परिचय और मुलाकात की बात आई सामने

सूत्रों के अनुसार, विधि विरुद्ध बालक और नाबालिग युवती के बीच पहले से परिचय था। बताया जा रहा है कि किशोर कुछ दिनों के लिए बाहर गया था और लौटने के बाद सोमवार को दोस्त की बोलेरो से सिपाहपुर में स्कूल से लौट रही युवती से मिलने आया था, इसी दौरान लोगों की नजर दोनों पर पड़ गई और पिटाई की घटना हुई।


एसडीपीओ ने दी मामले की जानकारी, जांच जारी

मामले को लेकर एसडीपीओ टाउन टू दीपक कुमार ने बताया कि अहियापुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े नाबालिग युवती के अपहरण के असफल प्रयास की सूचना सामने आई है। युवती के परिजनों की ओर से अहियापुर थाने में लिखित आवेदन दिया गया है, जिसके आधार पर किशोर को निरुद्ध कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 मुजफ्फरपुर से मणिभूषण की रिपोर्ट