Bihar News: जिसे 4 साल पहले मान लिया था मृत, अचानक जिंदा पहुंचा थाने , पुलिस हो गई हैरान

Bihar News: जिस युवक को परिजन मृत समझ रहे थे, वह अचानक पुलिस के सामने जिंदा हाजिर हो गया।

Bihar News: जिसे 4 साल पहले मान लिया था मृत, अचानक जिंदा पहु
मृत आदमी पहुंचा थाने- फोटो : reporter

Bihar News:  चार साल पुराने एक कथित हत्या मामले ने पुलिस को भी हैरान कर दिया है। जिस युवक को परिजन मृत समझ रहे थे, वह अचानक पुलिस के सामने जिंदा हाजिर हो गया। पुलिस के अनुसार सोनू कुमार ने प्रेम प्रसंग के चलते अपनी हत्या की झूठी साजिश रची थी। अब मुजफ्फरपुर के देवरिया थाना पुलिस उससे पूछताछ कर पूरे मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी है। दूसरी तरफ सोनू को जिंदा देखकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

मामला वर्ष 2022 का है। 9 नवंबर को गोपालगंज के थावे थाना में धीरज प्रसाद श्रीवास्तव ने आवेदन देकर बताया था कि उनके छोटे भाई सोनू कुमार 6 नवंबर को फतुहा थाना क्षेत्र स्थित अपनी दुकान से 50 हजार रुपये लेकर सामान खरीदने पटना निकले थे। उसी दिन शाम करीब पांच बजे सोनू के मोबाइल से उनके व्हाट्सऐप पर ऑडियो मैसेज आया। इसमें मुजफ्फरपुर के देवरिया थाना क्षेत्र में रुपये से भरा बैग छीनने और सिर पर खून लगे फोटो के जरिए सोनू की हत्या की जानकारी दी गई थी।

थावे पुलिस ने शून्य FIR दर्ज कर मामला देवरिया पुलिस को भेजा, जहां कांड संख्या 25/23 दर्ज हुआ। गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। SDPO सरैया अभिजीत कौर के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर जांच शुरू की।

जांच में सोनू के एक युवती से प्रेम प्रसंग की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार, 6 नवंबर 2022 को ही सोनू उक्त युवती को लेकर दूसरे राज्य चला गया था। युवती की मां ने इस संबंध में थावे थाने में कांड संख्या 324/22 दर्ज कराया था। पुलिस दबाव बढ़ने के बाद अब करीब चार साल बाद सोनू देवरिया थाने पहुंचा है। पुलिस उससे पूछताछ कर कथित फर्जी हत्या की साजिश और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।