Bihar News : मोतीहारी में घूसखोर राजस्व कर्मचारी को डीएम ने किया सस्पेंड,अटर्नी को 8 हज़ार रिश्वत लेते निगरानी ने किया था गिरफ्तार
Bihar News : मोतिहारी जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सदर अंचल के राजस्व कर्मचारी प्रभात कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
MOTIHAR : मोतिहारी जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सदर अंचल के राजस्व कर्मचारी प्रभात कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। डीएम के इस सख्त कदम से प्रशासनिक महकमे और अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया है। प्रभात कुमार पर जमीन से संबंधित दाखिल-खारिज और परिमार्जन कार्य के एवज में 11 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है, जिसके जिम्मा नगर निगम क्षेत्र की जिम्मेदारी थी।
यह कार्रवाई निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना की टीम द्वारा की गई ट्रैप कार्रवाई और सदर अंचलाधिकारी की जांच प्रतिवेदन के आधार पर की गई है। शिकायत मिलने के बाद 19 नवंबर 2026 को निगरानी टीम ने छतौनी थाना क्षेत्र स्थित अयोध्या नगर मंदिर के पास जाल बिछाया था और प्रभात कुमार के माध्यम से 8 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए उनके अटर्नी श्याम कुमार को रंगे हाथ दबोच लिया था।
गिरफ्तार अटर्नी श्याम कुमार को लेकर यह भी जानकारी सामने आई है कि भूमाफियाओं से मिलीभगत कर फर्जीवाड़ा करने के मामले में नगर थाना में उसके खिलाफ पहले से ही कई कांड दर्ज हैं। निगरानी की इस कार्रवाई के बाद से अंचल कार्यालय के कर्मियों में खलबली मची हुई थी। डीएम ने प्रभात कुमार को बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली 1976 के प्रावधानों और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत निलंबित किया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय अंचल कार्यालय, सुगौली (पूर्वी चंपारण) निर्धारित किया गया है।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने का भी निर्देश दिया है। वहीं, सदर मोतिहारी के अंचलाधिकारी को आदेश दिया गया है कि वे संबंधित आरोपों से जुड़े आरोप-पत्र और अन्य आवश्यक अभिलेख एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराएं। यह निलंबन आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
हिमांशु की रिपोर्ट