Bihar News : जहानाबाद में हज़रत फातिमा ज़हरा की सीरत पर भव्य सेमिनार का हुआ आयोजन, छात्र-छात्राओं ने पेश की तकरीर

Bihar News : ख़ातूने जन्नत हज़रत फातिमा ज़हरा (स.अ.) की सीरत पर मुस्तफा फाउंडेशन, जहानाबाद की ओर से ईशा कंप्यूटर जोन में भव्य सेमिनार का आयोजन किया गया.......पढ़िए आगे

Bihar News : जहानाबाद में हज़रत फातिमा ज़हरा की सीरत पर भव्य
सेमिनार का आयोजन - फोटो : SOCIAL MEDIA

Jehanabad : ख़ातूने जन्नत हज़रत फातिमा ज़हरा (स.अ.) की पाकीज़ा ज़िंदगी, उनके आदर्शों और इस्लाम के लिए उनकी महान ख़िदमत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुस्तफा फाउंडेशन, जहानाबाद की ओर से ईशा कंप्यूटर जोन में भव्य सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उलमा-ए-कराम, समाज के गणमान्य लोगों और छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।

सेमिनार की शुरुआत मोहम्मद मनव्वर अली ने कुरआन-ए-पाक की तिलावत से की। कार्यक्रम की अध्यक्षता मौलाना सैयद कल्बे हुसैन जाफरी, पेश-इमाम शिया जामा मस्जिद, अली नगर पाली ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि हज़रत फातिमा ज़हरा (स.अ.) की ज़िंदगी इस्लाम की रोशनी है और उनकी सीरत इंसानियत के लिए सबसे बड़ी तालीम है। वहीं, सैयद मुबारक हसन ने अपने संबोधन में कहा कि हज़रत फातिमा ज़हरा (स.अ.) की सादगी, सब्र, कुर्बानी, इल्म, इबादत और इस्लाम के लिए उनकी अज़ीम ख़िदमत हमारी बहन-बेटियों के लिए प्रेरणा और मार्गदर्शन की मिसाल है।

सेमिनार में तकरीबन एक दर्जन छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया और हज़रत फातिमा ज़हरा (स.अ.) की हयात-ए-तैयबा तथा दीन-ए-इस्लाम के लिए उनकी महान सेवाओं पर अपनी तकरीर पेश की। प्रतिभागियों की शानदार प्रस्तुति पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रथम पुरस्कार आयशा अख्तर, द्वितीय पुरस्कार नाज़ बानो और तृतीय पुरस्कार संजीदा रहमा को प्रदान किया गया।

आयोजकों ने बताया कि सेमिनार का मुख्य उद्देश्य नौजवानों और खासकर महिलाओं को हज़रत फातिमा ज़हरा (स.अ.) की पाकीज़ा ज़िंदगी से प्रेरणा देना है, ताकि वे अपने जीवन में सच्चाई, पाकीज़गी, सब्र, नैतिकता और ख़िदमते ख़ल्क़ जैसे उच्च मूल्यों को अपनाएं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में फैजान अशरफी, तारीख फतह, मौलाना सईद हसनी, सूरज कुमार, मुशर्रफ पालवी, एहतेशाम मालिक, विनीत शेखर, मधु कुमारी, अदिति कुमारी, साहिल कुमार, जसीम अख्तर, फातमा ज़हरा और मुजफ्फर इमाम उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सदफ प्रवीण ने किया। सेमिनार में दर्जनों लोगों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम शैक्षणिक और सामाजिक जागरूकता के संदेश के साथ संपन्न हुआ।