Bihar News : कैमूर के मोहनिया में पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, 30 लाख रुपये मूल्य की हेरोइन के साथ तस्कर को किया गिरफ्तार

Bihar News : कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों (ड्रग्स) की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने 30 लाख के मादक पदार्थ के साथ तस्कर को गिरफ्तार किया है.....पढ़िए आगे

Bihar News : कैमूर के मोहनिया में पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई,
मादक पदार्थ बरामद - फोटो : DEVBRAT

KAIMUR : जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों (ड्रग्स) की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से भारी मात्रा में हेरोइन जैसा मादक पदार्थ, एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नगदी बरामद की गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बड़ी बाजार वार्ड 11 निवासी स्व. निजामुद्दीन इद्रीसी के पुत्र सलामुद्दीन इद्रीसी के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने आरोपी के पास से 202.83 ग्राम हेरोइन जैसा नशीला पदार्थ, एक मोबाइल फोन, एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (BR 45 T 7274) और 4680 रुपये नगद जब्त किए हैं। मामले की जानकारी देते हुए मोहनिया एसडीपीओ गोपाल कृष्ण ने प्रेस वार्ता में बताया कि 14 अक्टूबर 2026 की देर रात करीब 1:15 बजे पुलिस को इलाके में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बढ़ूपर गांव में घेराबंदी कर आरोपी को रंगे हाथ धर दबोचा।

एसडीपीओ के अनुसार बरामद किए गए 202.83 ग्राम मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय और स्थानीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 25 से 30 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में मोहनिया थाने में कांड संख्या 824/26, दिनांक 15 अक्टूबर 2026 के तहत एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 8(सी)/21(बी) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस ने जब्त सामान को सील कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके साथ ही पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि यह मादक पदार्थ कहाँ से लाया गया था और इस तस्करी नेटवर्क में कौन-कौन से अन्य लोग शामिल हैं। 

देवब्रत की रिपोर्ट