श्री राधा-कृष्ण ठाकुरबाड़ी स्थित मां दुर्गा मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ संपन्न हुई पंचमी पूजा, षष्ठी पर होगा डांडिया उत्सव

श्री राधा-कृष्ण ठाकुरबाड़ी स्थित मां दुर्गा मंदिर में वैदिक
श्री राधा-कृष्ण ठाकुरबाड़ी स्थित मां दुर्गा मंदिर में पंचमी पूजा संपन्न- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : शहर के हृदयस्थल पर अवस्थित श्री राधा-कृष्ण ठाकुरबाड़ी स्थित मां दुर्गा मंदिर में गुरुवार को शारदीय नवरात्र की पंचमी पूजा अत्यंत धूमधाम और पूर्ण भक्तिमय माहौल में संपन्न हुई। मंदिर संचालन समिति की ओर से मां दुर्गा की उपासना पूरे नियम-निष्ठा और पारंपरिक विधि-विधान के साथ की जा रही है। सुखपुर से पधारे विद्वान पंडित अरुण कुमार झा उर्फ मुन्ना के आचार्यत्व में वैदिक मंत्रोच्चार और पूजन-अनुष्ठान के बीच सभी धार्मिक कार्यक्रम संपन्न हो रहे हैं। पूजा के दौरान मंदिर में पूरे दिन श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा तथा सुबह से ही भक्त मां दुर्गा के दर्शन और पूजन-अर्चना के लिए पहुंचते रहे।


आकर्षक सजावट से सराबोर हुआ मंदिर परिसर, गूंज रहे भक्ति गीत

नवरात्र के इस पावन अवसर पर श्री राधा-कृष्ण ठाकुरबाड़ी स्थित मां दुर्गा मंदिर को बेहद आकर्षक ढंग से सजाया और संवारा गया है। मंदिर परिसर में चल रहे धार्मिक अनुष्ठानों के कारण चारों तरफ श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत माहौल बना हुआ है। दर्शन के लिए आने वाले भक्त मां के दरबार में मत्था टेककर अपने परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की मंगलकामना कर रहे हैं।


षष्ठी की संध्याकालीन आरती के बाद होगा विशेष डांडिया उत्सव

मंदिर संचालन समिति की ओर से केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी भव्य तैयारी की गई है। नवरात्र के षष्ठी की संध्याकालीन आरती के तुरंत बाद मंदिर परिसर में डांडिया नृत्य और सुरीले गीत-संगीत का विशेष आयोजन किया जाएगा। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम को लेकर शहर के श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं और युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। इस आयोजन से भक्तिमय वातावरण के बीच सांस्कृतिक उल्लास का एक अलग ही रंग देखने को मिलेगा, जिसमें शामिल होने के लिए दूर-दराज से भी लोगों के पहुँचने की उम्मीद है।


अष्टमी को सिंदूर खेला और नवमी के दिन होगा कन्या भोजन

मंदिर में आगामी महाष्टमी और महानवमी पूजा को लेकर भी विशेष तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अष्टमी पूजा की संध्या में सुहागिन महिलाओं द्वारा पारंपरिक 'सिंदूर खेला' का भव्य आयोजन किया जाएगा, जबकि नवमी तिथि के दिन प्रातःकाल कन्या पूजन एवं कन्या भोजन कराया जाएगा। इन दोनों पारंपरिक आयोजनों को लेकर महिला श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और उल्लास का माहौल है, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों के शामिल होने की संभावना है।


सुरक्षा और शांति व्यवस्था को लेकर सक्रिय है मंदिर संचालन समिति

महोत्सव के सफल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित आयोजन के लिए मंदिर संचालन समिति के सदस्य पूरी तरह मुस्तैद और सक्रिय हैं। समिति की ओर से सुरक्षा, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं ताकि भक्तों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। नवरात्र के इन दिनों में मंदिर में उमड़ रही भारी भीड़ से पूरा शहर भक्ति के रंग में सराबोर नजर आ रहा है।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट