Bihar News : जमुई छेड़छाड़ मामला, कोर्ट में पेशी के दौरान आरोपी हरेराम यादव को वकील ने जड़ा थप्पड़, कहा— 'यह घटना पूरे मर्द समाज पर चांटा'

Bihar News : बिहार के जमुई जिले के मड़वा गांव में 10वीं की छात्रा से हुई छेड़छाड़ के मामले में आरोपी हरेराम यादव को पेशी के दौरान कोर्ट में एक वकील ने थप्पड़ जड़ दिया. ....पढ़िए आगे

Bihar News : जमुई छेड़छाड़ मामला, कोर्ट में पेशी के दौरान आर
आरोपी की पिटाई - फोटो : SOCIAL MEDIA

JAMUI : बिहार के जमुई जिले के मड़वा गांव में 10वीं की छात्रा के साथ हुई छेड़छाड़ के चर्चित मामले में नया मोड़ सामने आया है। मामले के मुख्य आरोपी हरेराम यादव को जब पुलिस कड़ी सुरक्षा के बीच जमुई कोर्ट में पेशी के लिए लेकर पहुंची, तो कोर्ट परिसर में वकीलों का गुस्सा फूट पड़ा। पेशी के दौरान ही अधिवक्ता आकाश पांडेय ने आरोपी को थप्पड़ जड़ दिया, जिसके बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना के वक्त वहां मौजूद अन्य वकीलों ने भी आरोपी के साथ मारपीट करने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को सुरक्षा घेरे में लेकर किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाला। कोर्ट परिसर में हुई इस अचानक घटना से कुछ समय के लिए वकीलों और पुलिसकर्मियों के बीच गहमागहमी बनी रही।

आरोपी को थप्पड़ जड़ने वाले अधिवक्ता आकाश पांडेय ने अपने कृत्य को जायज ठहराते हुए कहा कि आरोपी ने जो कुकृत्य किया है, उसके लिए उसे तो गोली मार देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह की शर्मनाक वारदात से पूरा जमुई शर्मसार हुआ है। अधिवक्ता ने आगे कहा, "देखा जाए तो यह घटना पूरे मर्द समाज पर एक चांटा है और वही चांटा उसके मुंह पर वापस किया गया है।

अपनी बात रखते हुए वकील आकाश पांडेय ने कहा कि वकील होने से पहले वे एक इंसान हैं और उनके अंदर भी मानवता व संवेदनाएं जीवित हैं। अगर किसी बहन-बेटी के साथ इस तरह की घिनौनी वारदात होती है, तो उसे समाज का कोई भी संवेदनशील नागरिक बर्दाश्त नहीं कर पाएगा। उन्होंने कहा कि आरोपी का कृत्य अत्यंत निंदनीय है, जिसे किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उल्लेखनीय है कि मड़वा गांव में 10वीं की नाबालिग छात्रा के साथ हुई छेड़छाड़ की इस घटना को लेकर पूरे जिले के लोगों और विभिन्न संगठनों में भारी आक्रोश व्याप्त है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन मुस्तैद है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की प्रक्रिया में जुटी है।