Cabinet Decision : वारिसलीगंज में नई चीनी मिल की होगी स्थापना, सम्राट कैबिनेट ने दी मंजूरी, सांसद विवेक ठाकुर ने सीएम का जताया आभार
Cabinet Decision : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई बिहार मंत्रिमंडल की बैठक में वारिसलीगंज में नई चीनी मिल की स्थापना की मंजूरी दी गई है। सांसद विवेक ठाकुर ने इसके लिए सीएम का आभार जताया है.....पढ़िए आगे
NAWADA : जिले के वारिसलीगंज क्षेत्र के लिए बुधवार को विकास और रोजगार की दिशा में बड़ी खबर सामने आई। बिहार मंत्रिमंडल ने वारिसलीगंज में नई चीनी मिल की स्थापना के लिए महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए मकनपुर मौजा की 99.39 एकड़ सरकारी भूमि को गन्ना उद्योग विभाग को स्थायी एवं निःशुल्क हस्तांतरित करने की स्वीकृति दे दी है। इस फैसले के बाद क्षेत्र में लंबे समय से प्रस्तावित चीनी मिल की स्थापना का रास्ता और साफ हो गया है।
नवादा सांसद विवेक ठाकुर ने 23 सितंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति में इस फैसले को क्षेत्र के किसानों और नवादा के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि वारिसलीगंज में चीनी मिल की स्थापना की दिशा में आज एक बड़ा कदम आगे बढ़ा है। प्रस्तावित परियोजना में 500 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की संभावना है। इससे क्षेत्र में कृषि आधारित उद्योग को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के विस्तार की उम्मीद है।
सांसद के अनुसार, चीनी मिल की स्थापना से सिर्फ नवादा ही नहीं, बल्कि आसपास के नालंदा, शेखपुरा और जमुई जिले के गन्ना किसानों को भी लाभ मिलने की संभावना है। किसानों को अपनी उपज के लिए स्थानीय स्तर पर बाजार उपलब्ध होगा और गन्ने की खेती को बढ़ावा मिलने से कृषि क्षेत्र में भी नई गतिविधियां बढ़ सकती हैं। विवेक ठाकुर ने कहा कि वारिसलीगंज और नवादा के किसानों की लंबे समय से जुड़ी इस आकांक्षा को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिहार सरकार का आभारी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कृषि आधारित उद्योग, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के विस्तार की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है।
चीनी मिल की स्थापना को लेकर कैबिनेट की स्वीकृति के बाद अब परियोजना से जुड़े अगले चरणों पर लोगों की नजर रहेगी। स्थानीय स्तर पर इसे किसानों के लिए संभावित नए अवसर और वारिसलीगंज के औद्योगिक विकास से जोड़कर देखा जा रहा है। सांसद ने कहा कि विकसित नवादा के संकल्प के साथ विकास की दिशा में प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट