Purnia Banmankhi Loot Case Busted: SDPO शैलेश प्रीतम की टीम ने हथियार दिखाकर लूट करने वाले 2 आरोपियों को दबोचा

हथियार (खिलौना बंदूक) दिखाकर राहगीर से लूटपाट करने वाले दो शातिर अपराधियों को एसडीपीओ (SDPO) शैलेश प्रीतम के नेतृत्व में विशेष टीम ने धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल, कागजात, घटना में प्रयुक्त खिलौना बंदूक और अपाची बाइक बरामद

Purnia Banmankhi Loot Case Busted
पूर्णिया के बनमनखी में गैंग का भंडाफोड़, 2 गिरफ्तार- फोटो : Reporter

पूर्णिया जिले के बनमनखी थाना क्षेत्र में हथियार का भय दिखाकर हुई लूटपाट की चर्चित घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्णिया के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) शैलेश प्रीतम के नेतृत्व में गठित विशेष छापेमारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस त्वरित और सटीक कार्रवाई से इलाके के लोगों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ है।


उल्लेखनीय है कि बीते 18 सितंबर 2026 को बनमनखी थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने एक व्यक्ति को हथियार का भय दिखाकर राह रोक ली थी। अपराधियों ने पीड़ित से उसका मोबाइल फोन, महत्वपूर्ण सरकारी कागजात और 1,000 रुपये नकद जबरन छीन लिए थे। इस घटना के संबंध में पीड़ित की शिकायत पर बनमनखी थाना में कांड संख्या 288/26, धारा 309(4) बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।


मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गठित विशेष टीम ने तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना तंत्र का सहारा लेते हुए अपराधियों का सुराग लगाया। सटीक इनपुट मिलते ही पुलिस टीम ने जाल बिछाकर दो आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निलेश कुमार (पिता बाबूलाल यादव), निवासी मोहनियां परवता, वार्ड नंबर-13 और सोनू कुमार (पिता कलानंद यादव), निवासी मोहनियां नवटोलीया, वार्ड नंबर-14, थाना बनमनखी के रूप में हुई है।


पुलिस द्वारा की गई तलाशी और छापेमारी के दौरान आरोपियों के कब्जे से लूट का मोबाइल फोन, एक अन्य मोबाइल, पहचान पत्र, पैन कार्ड, एसबीआई तथा बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम कार्ड, और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किए गए। इसके अलावा, अपराध को अंजाम देने में इस्तेमाल की गई अपाची मोटरसाइकिल तथा वारदात के समय भय दिखाने के लिए इस्तेमाल की गई प्लास्टिक की खिलौना बंदूक भी पुलिस ने जब्त कर ली है।


पुलिस की कड़ी पूछताछ में गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। साथ ही उन्होंने खुलासा किया कि इस लूटकांड में उनका एक अन्य साथी भी शामिल था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तीसरे आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। इसके साथ ही गिरफ्तार अपराधियों के आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है।


इस सफल अभियान को अंजाम देने वाली छापेमारी टीम में SDPO शैलेश प्रीतम के साथ बनमनखी थानाध्यक्ष विजय कुमार यादव, पुलिस पदाधिकारी ऋषि यादव, अंजू कुमारी, अंकुश दरिया, संजीव कुमार, प्रेमरंजन तिवारी और बनमनखी थाना का सशस्त्र बल शामिल रहा। पुलिस टीम की इस तत्परता और पेशेवर कार्रवाई की स्थानीय स्तर पर काफी सराहना की जा रही है।

पूर्णिया से अंकित कुमार की रिपोर्ट