प्रधानाध्यापक से मारपीट और बदसलूकी का वीडियो वायरल: शिक्षा विभाग ने लिया संज्ञान, BEO सह BDO से 24 घंटे में मांगी जांच रिपोर्ट
गोपालगंज जिले के एक स्कूल के प्रधानाध्यापक के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वायरल वीडियों पर डीईओ ने तत्काल संज्ञान लेते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने को लिए बीडीओ अधिकृत करते हुए 24 घंटे के अंदर रिपोर्ट देने को कहा है....
Goapalganj : जिले के बरौली प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय बघैची में पदस्थापित प्रधानाध्यापक के साथ अभद्रता और मारपीट का मामला प्रकाश में आया है। विद्यालय परिसर के भीतर घटित इस कथित घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसमें कुछ लोग प्रधानाध्यापक के साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज करते दिख रहे हैं। वीडियो के वायरल होते ही जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है।
डीईओ ने बीडीओ सह बीईओ को सौंपी जांच, 24 घंटे में मांगी रिपोर्ट
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) अमरेंद्र कुमार पांडेय ने घटना का तत्काल संज्ञान लिया है। उन्होंने पूरे प्रकरण की विस्तृत और निष्पक्ष जांच के लिए बरौली के प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को अधिकृत किया है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि वे घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्यों सहित factual (तथ्यपरक) जांच रिपोर्ट 24 घंटे के भीतर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
विद्यालय परिसर में हुई घटना से शिक्षकों में रोष
प्रसारित हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ बाहरी और स्थानीय लोग विद्यालय परिसर में दाखिल होकर प्रधानाध्यापक को घेर लेते हैं और उनके साथ अनुचित व्यवहार करते हैं। शिक्षण संस्थान के भीतर घटित इस प्रकार की घटना से स्थानीय शिक्षक समुदाय और शिक्षा जगत में आक्रोश का माहौल है। शिक्षक संघों ने विद्यालय परिसरों में अध्यापकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उपद्रवियों पर नकेल कसने की मांग की है।
प्रधानाध्यापक पर भी छात्रों से अनुचित व्यवहार का आरोप
हालांकि मामले में एक दूसरा पहलू भी सामने आ रहा है। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि स्थानीय स्तर पर प्रधानाध्यापक द्वारा विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ कथित रूप से अमर्यादित व अनुचित व्यवहार किए जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं। हालांकि, विभाग का कहना है कि यह केवल आरोपों का दौर है और वास्तविक परिस्थिति का पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा, जिसमें दोनों पक्षों के दावों का सत्यापन किया जाएगा।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी कठोर कानूनी व विभागीय कार्रवाई
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि जांच रिपोर्ट के तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीईओ अमरेंद्र कुमार पांडेय ने कहा कि यदि प्रधानाध्यापक दोषी पाए जाते हैं तो उन पर विभागीय कार्रवाई होगी, और यदि विद्यालय का माहौल खराब कर कानून हाथ में लेने का मामला सही पाया गया तो संबंधित दबंगों पर कानूनी शिकंजा कसा जाएगा। फिलहाल बीईओ सह बीडीओ की जांच टीम साक्ष्य जुटाने में लग गई है।
नमो नारायण मिश्रा की रिपोर्ट