Gopalganj Transport Office: DM के औचक निरीक्षण में हड़कंप,ADTO और प्रवर्तन निरीक्षक पर चार्जशीट,लापरवाही पर कर्मचारियों का वेतन कटा

गोपालगंज के DM समीर सौरभ ने जिला परिवहन कार्यालय का अचानक औचक निरीक्षण किया। अनुपस्थिति पर वेतन कटौती का आदेश दिया गया, वहीं बलथरी चेकपोस्ट पर गड़बड़ी के आरोप में ADTO और प्रवर्तन निरीक्षक को चार्जशीट दी गई।

Gopalganj DM Surprise Inspection transport Office
DM के औचक निरीक्षण में हड़कंप,ADTO और प्रवर्तन निरीक्षक पर चार्जशीट- फोटो : Reporter

गोपालगंज के जिला पदाधिकारी (डीएम) समीर सौरभ ने जिला परिवहन कार्यालय की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए अचानक औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों की उपस्थिति से लेकर आम लोगों को दी जा रही परिवहन सेवाओं की स्थिति की गहन समीक्षा की। जांच के दौरान बायोमेट्रिक उपस्थिति का प्रतिवेदन उपलब्ध नहीं कराए जाने पर डीएम ने सख्त नाराजगी जताई और सभी संबंधित कर्मियों के एक दिन के वेतन कटौती का कड़ा निर्देश दिया।

काउंटर पर पहुंचे डीएम, नागरिक की समस्या का मौके पर कराया समाधान

निरीक्षण के क्रम में डीएम समीर सौरभ खुद सर्विस काउंटर पर जा पहुंचे और वहां अस्थायी वाहन पंजीकरण कराने आए एक नागरिक की समस्या को सीधे सुना। उन्होंने मौके पर मौजूद कर्मियों को तत्काल प्रभाव से उस समस्या का समाधान करने का आदेश दिया। डीएम ने स्पष्ट कहा कि परिवहन कार्यालय में आने वाले आम लोगों की सेवाओं का समयबद्ध, पारदर्शी और सुगम निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

बलथरी चेकपोस्ट अनियमितता में ADTO और प्रवर्तन निरीक्षक पर गाज

दूसरी ओर, बलथरी चेकपोस्ट पर राजस्व हानि और प्रशासनिक अनियमितताओं से जुड़ी जांच रिपोर्ट के आधार पर बड़ी कार्रवाई की गई है। अपर जिला परिवहन पदाधिकारी (ADTO) निशांत कुमार और प्रवर्तन निरीक्षक ललित कुमार दुबे के खिलाफ आरोप पत्र (चार्जशीट) गठित किया गया है। दोनों अधिकारियों पर वाहनों के चालान काटने की प्रक्रिया में गंभीर त्रुटियों, दायित्वों में लापरवाही और शिथिलता बरतने का आरोप है। इनके विरुद्ध विभागीय व अनुशासनिक कार्रवाई के लिए परिवहन विभाग को प्रतिवेदन भेजा गया है।

कार्यालयीन अनुशासन और पारदर्शी सेवाओं पर डीएम का सख्त संदेश

डीएम के इस कड़े औचक निरीक्षण और त्वरित कार्रवाई से परिवहन विभाग में हड़कंप मच गया है। डीएम ने सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा कि फील्ड में तैनात कर्मियों को छोड़कर सभी पदाधिकारी और कर्मचारी निर्धारित कार्यालय अवधि में बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराकर नियमित रूप से उपस्थित रहेंगे। इस कार्रवाई से जिला प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि सरकारी कार्यों में लापरवाही और आम जनता को मिलने वाली सुविधाओं में ढिलाई कतई स्वीकार नहीं की जाएगी।

गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट