विष्णुपद मंदिर में चेन व मंगलसूत्र चोरी की घटनाओं से हड़कंप, 10-12 श्रद्धालुओं को बनाया निशाना

विश्व प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर में कार्तिक माह की भीड़ के बीच उचक्कों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। उच्चकों ने दर्जन भर महिला श्रद्धालुओं के चेन और मंगलसूत्र उड़ा डाले है। सीसीटीवी में संदिग्धों की गतिविधियां कैद होने की बात सामने आई है....

विष्णुपद मंदिर में चेन व मंगलसूत्र चोरी की घटनाओं से हड़कंप,
विष्णुपद मंदिर में चेन व मंगलसूत्र चोरी से हड़कंप- फोटो : मनोज कुमार

Gayaji : जिले के विश्व प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर में कार्तिक माह के अवसर पर उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच सोने की चेन और मंगलसूत्र चोरी करने की घटनाएं सामने आने से हड़कंप मच गया है। मंदिर परिसर में हुई इन वारदातों के बाद श्रद्धालुओं के बीच चिंता व नाराजगी का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।


महाराष्ट्र से आए परिवार की महिला के गले से चोरी हुए सोने के आभूषण

बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र से अपनी मां के साथ विष्णुपद मंदिर में दर्शन करने पहुंचे एक श्रद्धालु परिवार की महिला के गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र चोरी कर लिया गया। पीड़ित परिवार के अनुसार, दर्शन के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर उचक्कों ने घटना को अंजाम दिया और काफी तलाश के बाद भी आभूषणों का पता नहीं चलने पर पुलिस से शिकायत की गई।


10 से 12 अन्य श्रद्धालुओं के गले से भी चेन व मंगलसूत्र चोरी होने का दावा, विष्णुपद थाने में प्राथमिकी दर्ज

पीड़ित श्रद्धालुओं का दावा है कि उनके अलावा 10 से 12 अन्य बाहरी श्रद्धालुओं व पर्यटकों के गले से भी चेन और मंगलसूत्र चोरी किए गए हैं। एक पीड़ित के मुताबिक इस संबंध में विष्णुपद थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, वहीं मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में घटना से जुड़े संदिग्धों की गतिविधियां कैद होने की बात भी सामने आई है।


सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरफ्तारी व आभूषण बरामदगी की मांग, सुरक्षा बढ़ाने पर जोर

पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच कर संदिग्धों की पहचान करने, शीघ्र गिरफ्तारी करने और चोरी गए सोने के आभूषणों की बरामदगी की मांग की है। श्रद्धालुओं ने कहा कि देश-विदेश से बड़ी संख्या में आने वाले दर्शनार्थियों की सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर व भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती और निगरानी और मजबूत की जानी चाहिए।


शिकायत के बाद मामले की जांच में जुटी पुलिस, कार्रवाई का इंतजार

श्रद्धालुओं की शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पीड़ितों को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी।


मनोज की रिपोर्ट