Gaya Pitru Paksha Mela: पितृपक्ष मेले में सफाई के लिए उतरी नई मशीन, देवघाट और विष्णुपद मंदिर क्षेत्र की बदलेगी तस्वीर
Gaya Pitru Paksha Mela: गयाजी में पितृपक्ष मेले के दौरान सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए गया नगर निगम ने इलेक्ट्रिक लिटर पिकर वैक्यूम क्लीनर मशीन शुरू की है। देवघाट और विष्णुपद मंदिर क्षेत्र में होगी सफाई।
Gaya Pitru Paksha Mela: गया के पितृपक्ष मेला महासंगम के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गयाजी पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं को साफ और बेहतर माहौल देने के लिए गया नगर निगम ने सफाई व्यवस्था में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल शुरू किया है। नगर निगम ने इलेक्ट्रिक और प्रदूषण मुक्त लिटर पिकर वैक्यूम क्लीनर मशीन की शुरुआत की है।
इस मशीन का इस्तेमाल खास तौर पर देवघाट और विष्णुपद मंदिर के आसपास के इलाकों में सफाई के लिए किया जाएगा। मशीन की शुरुआत गया नगर निगम के मेयर गणेश पासवान, नगर आयुक्त डॉ. गगन और पूर्व डिप्टी मेयर सह सशक्त स्थायी समिति के सदस्य मोहन श्रीवास्तव ने नारियल फोड़कर और पूजा-अर्चना के साथ की। इसके बाद मशीन को मौके पर चलाकर सफाई का काम भी शुरू किया गया।
कम समय में ज्यादा इलाके की सफाई
मेयर गणेश पासवान ने बताया कि नई मशीन कम समय में बड़े क्षेत्र की सफाई करने में मदद करेगी। खासकर भीड़भाड़ वाले इलाकों में इसके इस्तेमाल से सफाई व्यवस्था को बेहतर किया जा सकेगा। पितृपक्ष मेले के दौरान देवघाट और विष्णुपद मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की बड़ी भीड़ रहती है। ऐसे में इन जगहों पर लगातार सफाई की जरूरत होती है।
बैटरी से चलेगी मशीन, धुआं नहीं निकलेगा
पूर्व डिप्टी मेयर मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि लिटर पिकर मशीन पूरी तरह इलेक्ट्रिक है और बैटरी से चलती है। इसके इस्तेमाल के दौरान धुआं नहीं निकलता, जिससे प्रदूषण का खतरा नहीं रहता। मशीन में वैक्यूम सिस्टम लगाया गया है। इससे सड़क, घाट और मंदिर के आसपास पड़े कागज, पॉलीथिन, फूल-माला और छोटे कचरे को तेजी से उठाया जा सकेगा। पितृपक्ष के दौरान श्रद्धालु पूजा, तर्पण और पिंडदान करते हैं। इसके बाद घाटों और आसपास के इलाकों में पूजन सामग्री और दूसरे तरह का कचरा रह जाता है। अब मशीन की मदद से इसे जल्दी साफ किया जा सकेगा।
सफाईकर्मियों को भी मिलेगी राहत
नगर आयुक्त डॉ. गगन ने बताया कि मशीन वैक्यूम सिस्टम के जरिए बिखरे कचरे को उठाकर अपने अंदर जमा करेगी। इसके बाद कचरे को तय जगह पर ले जाकर उसका निस्तारण किया जाएगा। नगर निगम का कहना है कि मशीन के इस्तेमाल से घाट और मंदिर के आसपास गंदगी कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही सफाईकर्मियों का समय और मेहनत भी बचेगी। पितृपक्ष मेले के दौरान श्रद्धालुओं को साफ-सुथरा वातावरण उपलब्ध कराने में यह मशीन उपयोगी साबित हो सकती है।
गया मनोज कुमार