SIR के मुद्दे पर युवा राजद का प्रदर्शन, चुनाव आयुक्त,पीएम और गृह मंत्री का फूंका पुतला
SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विपक्ष द्वारा जारी राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन के तहत बांका जिले में युवा राजद कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार गुप्ता का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया.....
Banka : बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के आह्वान पर बुधवार को बांका प्रखंड मुख्यालय में युवा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन के तहत युवा राजद कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार गुप्ता का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। कार्यक्रम का नेतृत्व युवा राजद के प्रदेश महासचिव सह भागलपुर संगठन प्रभारी गुड्डू यादव ने किया।
SIR के मुद्दे पर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और SIR (एसआईआर) के मुद्दे पर अपना विरोध जताया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गुड्डू यादव ने कहा कि महागठबंधन के शीर्ष नेतृत्व ने शुरुआत से ही इस मुद्दे पर अपनी गंभीर आपत्तियां दर्ज कराई हैं।
'मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाए जाने तक जारी रहेगा आंदोलन'
गुड्डू यादव ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त से जुड़े कानूनों में ऐसे प्रावधान किए गए हैं, जिनसे भविष्य में चुनाव आयोग की निष्पक्षता, जवाबदेही और जांच प्रक्रियाओं पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त को उनके पद से बर्खास्त नहीं किया जाता, तब तक युवा राजद और महागठबंधन का यह आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे युवा राजद कार्यकर्ता
इस विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम में पवन कुमार पप्पू, परवेज अहमद, रोहित राज शर्मा, नितिन कुमार, अजय कुमार भारती, राजकुमार मंडल, कामेश्वर यादव, महेश यादव, राजकिशोर यादव, गोपाल मंडल, अब्बन यादव, जितेंद्र कुमार समेत बड़ी संख्या में युवा राजद के पदाधिकारी व स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
चन्द्रशेखर की रिपोर्ट