Patna Police Mobile Recovery: 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत 60 लाख के मोबाइल बरामद, SSP ने दी जानकारी

पटना पुलिस ने 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत करीब 60 लाख रुपये कीमत के 200 गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन रिकवर कर असली मालिकों को सौंपे। जानिए पुलिस की इस मुहिम और मोबाइल पाने की प्रक्रिया के बारे में।

Patna Police Operation Muskaan
'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत 60 लाख के मोबाइल बरामद,- फोटो : Reporter

पटना: राजधानी पटना में गुम और चोरी हुए मोबाइलों की बरामदगी के लिए पटना पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी और गुम हुए करीब 200 मोबाइल फोन रिकवर किए हैं। इस अभियान के जरिए पुलिस का मुख्य उद्देश्य आम लोगों के खोए हुए कीमती मोबाइलों को तलाश कर उनके असली मालिकों के चेहरे पर फिर से मुस्कान वापस लाना है।


करीब 60 लाख रुपये के 200 मोबाइल बरामद

मीडिया को जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि विशेष जांच टीम (SIU) और सेंट्रल टीम के संयुक्त प्रयासों से इस बार लगभग 200 मोबाइल फोन रिकवर किए गए हैं। बरामद किए गए सभी मोबाइल फोनों की कुल अनुमानित बाजार कीमत लगभग 60 लाख रुपये आंकी गई है। ये मोबाइल फोन न केवल पटना के अलग-अलग क्षेत्रों से, बल्कि जिले के बाहर से भी विशेष सर्विलांस के आधार पर ट्रैक कर रिकवर किए गए हैं।

हर महीने चलाया जाता है विशेष अभियान

पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट किया कि 'ऑपरेशन मुस्कान' कोई एक दिन का अभियान नहीं है, बल्कि पटना पुलिस द्वारा इसे हर महीने नियमित रूप से आयोजित किया जाता है। पुलिस के पास जैसे-जैसे गुमशुदगी और चोरी के सनहा दर्ज होते हैं, विशेष टीम (SIU) उन पर लगातार सर्विलांस बनाए रखती है। जब भी एक बड़ी संख्या में मोबाइल इकट्ठा और रिकवर हो जाते हैं, तो हर महीने शिविर का आयोजन कर उन्हें असली मालिकों को सौंप दिया जाता है।

आम जनता से पुलिस की अपील

प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधिकारी ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी नागरिक का मोबाइल फोन चोरी या गुम होता है, तो वे तुरंत निकटतम थाने में जाकर सनहा (सनहा/स्टेशन डायरी रिपोर्ट) अवश्य दर्ज कराएं। सनहा की रिपोर्ट पुलिस को सौंपने के बाद पुलिस उस पर तकनीकी जांच शुरू कर देती है, जिससे फोन की रिकवरी संभव हो पाती है।

पटना से अनिल की रिपोर्ट