Bihar News: कर्मा-धर्मा की खुशियां मातम में बदलीं, तालाब में डूबीं 2 बच्चियां, गांव में मचा कोहराम

Bihar News: कर्मा-धर्मा पर्व की खुशियों के बीच मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया।

Two Girls Drown in Banka Pond
तालाब में डूबीं 2 बच्चियां- फोटो : reporter

Bihar News: बांका के धोरैया थाना क्षेत्र में कर्मा-धर्मा पर्व की खुशियों के बीच मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। जोठा गांव के समीप तालाब में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से दो बच्चियों की मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और पर्व का उल्लास देखते ही देखते मातम में तब्दील हो गया।

मृत बच्चियों की पहचान जोठा गांव निवासी गुड्डू लैय्या की 13 वर्षीय बेटी कोमल कुमारी और कांग्रेस लैय्या की 15 वर्षीय बेटी जानकी कुमारी के रूप में हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक, कर्मा-धर्मा पर्व को लेकर गांव के बच्चे पिछले करीब चार दिनों से रोजाना तालाब में स्नान करने जा रहे थे। मंगलवार को भी दोनों बच्चियां अन्य बच्चों के साथ तालाब पहुंचीं।

बताया गया कि नहाने के दौरान कोमल और जानकी अचानक तालाब के गहरे हिस्से में चली गईं। देखते ही देखते दोनों पानी में डूब गईं। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों बच्चियों को पानी से बाहर निकाला और परिजनों के साथ उन्हें आनन-फानन में धोरैया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। यह खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दोनों परिवारों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

घटना की इत्तिला मिलते ही धोरैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।एक ही गांव की दो बच्चियों की एक साथ मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। पर्व की तैयारियों के बीच हुए इस हादसे से गांव में मातम पसरा है और परिजनों की करुण चीत्कार से माहौल गमगीन बना हुआ है।

चंद्रशेखर भगत की रिपोर्ट