एसपी ने अमरपुर थाने का किया औचक निरीक्षण: जेल से छूटे अपराधियों पर सख्त निगरानी और रात्रि गश्ती बढ़ाने का दिए निर्देश
बांका जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। एसपी ने अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने, रात्रि गश्ती बढ़ाने और पुराने मामलों के अनुसंधान में तेजी लाने का निर्देश दिए है....
Banka : जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक (SP) अमितेश कुमार ने शुक्रवार की संध्या अमरपुर थाने का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, पुलिस की कार्यप्रणाली और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जेल से छूटे अपराधियों पर रखी जाएगी पैनी नजर
एसपी अमितेश कुमार ने पुलिस पदाधिकारियों को कड़ा निर्देश दिया कि हाल ही में जेल से बाहर आए अपराधियों की हर गतिविधि पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि थाना क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक तत्वों के बारे में समय पर सूचनाएं एकत्र की जाएं और पुलिसकर्मियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए ताकि किसी भी संभावित आपराधिक घटना को समय रहते रोका जा सके।
रात्रि गश्ती और 'रोको-टोको' अभियान को तेज करने का आदेश
क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल कायम रखने के लिए एसपी ने रात्रि गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के लिए रात में 'रोको-टोको' अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस पदाधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करना चाहिए और आम जनता की शिकायतों का तुरंत समाधान किया जाना चाहिए।
पुराने मामलों के अनुसंधान और निष्पादन में तेजी लाने के निर्देश
समीक्षा बैठक के दौरान एसपी ने लंबित मामलों और पुराने कांडों के अनुसंधान में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने थानाध्यक्ष को निर्देश दिया कि प्राथमिकता के आधार पर लंबित मामलों का निष्पादन किया जाए, जिससे पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके और क्षेत्र में पुलिस प्रशासन की साख और अधिक मजबूत हो।
निरीक्षण के दौरान कई वरीय पुलिस पदाधिकारी रहे मौजूद
एसपी अमितेश कुमार ने अपराध नियंत्रण के लिए पूरी मुस्तैदी और सतर्कता के साथ काम करने की अपील की। इस औचक निरीक्षण के दौरान बांका एसडीपीओ अमर विश्वास, अमरपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार, दारोगा शरत श्रीकांत, पंकज मांझी, नवीन कुमार, नीतू कुमारी, बीके सिंह, संजय कुमार गुप्ता सहित कई अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
चंद्रशेखर की रिपोर्ट