Bihar News : भोजपुर में दो कट्ठा जमीन के विवाद में 70 वर्षीय बुजुर्ग की लाठी-डंडों से पीटकर हुई हत्या, मुख्य आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Bihar News : बिहार के भोजपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां महज दो कट्ठा जमीन के विवाद ने एक बुजुर्ग की जान ले ली।

Bihar News : भोजपुर में दो कट्ठा जमीन के विवाद में 70 वर्षीय
बुजुर्ग की हत्या - फोटो : ASHISH

ARA : भोजपुर में जमीन का विवाद एक बुजुर्ग की मौत की वजह बन गया। महज दो कट्ठा जमीन को लेकर 70 वर्षीय किसान की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई। परिजनों ने अपने ही पट्टीदार पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

दरअसल जगदीशपुर थाना क्षेत्र के रूपबांध गांव में उस वक्त सनसनी मच गई.जब जमीन विवाद में 70 वर्षीय किसान काशीनाथ सिंह उर्फ काशी यादव की जान चली गई। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे काशी यादव अपने खेत देखने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान धान के खेत के पास उनके पट्टीदार सुनील यादव से विवाद हुआ। 

जगदीशपुर एसडीपीओ रवि कुमार के अनुसार, इसी दौरान सुनील यादव ने कथित तौर पर काशी यादव पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर पिटाई के कारण बुजुर्ग की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रूपबांध गांव निवासी स्वर्गीय राम यादव के पुत्र काशीनाथ सिंह उर्फ काशी यादव के रूप में हुई है। वह खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। 

घटना की सूचना मिलते ही जगदीशपुर थानाध्यक्ष और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मुख्य आरोपी सुनील यादव को पकड़ लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। दो कट्ठा जमीन के विवाद में एक बुजुर्ग किसान की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी नजर पुलिस की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई पर है।

आशीष की रिपोर्ट