युवा चेतना की बड़ी पहल: वाराणसी में जरूरतमंदों को बांटे कूलर, रोहित कुमार सिंह ने कहा- समाज के अंतिम व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ना ही लक्ष्य

युवा चेतना की बड़ी पहल: वाराणसी में जरूरतमंदों को बांटे कूलर
वाराणसी में जरूरतमंदों को रोहित सिंह ने बांटे कूलर- फोटो : न्यूज4नेशन

Patna/Varanasi : देश में पड़ रही रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के बीच सामाजिक संगठन 'युवा चेतना' ने वाराणसी में एक सराहनीय पहल की है। संगठन के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह के नेतृत्व में काशी के विभिन्न मोहल्लों में आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों के बीच कूलरों का वितरण किया गया। इस मौके पर संबोधित करते हुए रोहित कुमार सिंह ने कहा कि जो लोग गरीब, पिछड़े, वंचित या आर्थिक रूप से बेहद विपन्न हैं, उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना ही हमारा एकमात्र संकल्प है और इसके लिए हमारा संगठन कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक निरंतर जमीन पर काम कर रहा है।


सबल वर्ग आगे आए: जाड़े में कंबल तो गर्मी में कूलर बांटना हमारा कर्तव्य

रोहित कुमार सिंह ने समाज के संपन्न और सक्षम लोगों से भावुक अपील करते हुए कहा कि देश में निर्बल और दुर्बल लोगों की सहायता के लिए सबल वर्ग को खुलकर आगे आना चाहिए। उन्होंने संगठन के सेवा कार्यों को रेखांकित करते हुए कहा, "युवा चेतना मौसम और जरूरत के अनुसार साल भर सेवा अभियान चलाती है। हम जाड़े में कंबल, तपती गर्मी में पंखा व कूलर, बरसात के दिनों में छाता व तिरपाल तथा त्योहारों के समय साल भर गरीब परिवारों के बीच साड़ी और धोती का वितरण करते हैं, ताकि कोई खुद को बेसहारा न समझे।"


नौजवानों का आह्वान: भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए परिवारवाद के खिलाफ होना होगा एकजुट

सेवा कार्यों के साथ-साथ रोहित कुमार सिंह ने देश के युवाओं में जोश भरते हुए एक बड़ा राजनीतिक संदेश भी दिया। उन्होंने नौजवानों का आह्वान करते हुए कहा कि भारत माता को साल 2047 के पहले 'विश्व गुरु' बनाने के लिए युवाओं को अपनी ऊर्जा लगानी होगी। उन्होंने सीधे तौर पर हमला बोलते हुए कहा कि देश में परिवारवादी शक्तियों के खिलाफ आम नौजवानों को एकजुट होना पड़ेगा। जब तक देश का युवा परिवारवाद के खिलाफ खड़ा नहीं होगा, तब तक सही मायनों में लोकतंत्र और संविधान की सार्थकता साबित नहीं हो सकती।


पीएम मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा, कहा- आज भारत की ओर देख रही दुनिया

अपने संबोधन के दौरान युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और नीतियों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल और मजबूत नेतृत्व में भारत तेजी से विश्व गुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ चुका है। वैश्विक पटल पर देश की बढ़ती साख का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया बड़े फैसलों के लिए हिंदुस्तान की ओर देख रही है, और इसका पूरा श्रेय हमारे प्रधानमंत्री और राष्ट्र के गणनायक माननीय नरेंद्र मोदी जी को जाता है।


स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं में दिखा भारी उत्साह

वाराणसी में आयोजित इस राहत सामग्री वितरण और चेतना कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनता में भारी उत्साह देखने को मिला। भीषण गर्मी में कूलर पाकर जरूरतमंद परिवारों के चेहरे खिल उठे। इस पूरे आयोजन के दौरान युवा चेतना संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, सक्रिय कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पुनीत कार्य में अपना सहयोग दिया।