हवा में डिप्टी सीएम का चॉपर बना धुआं-धुआं! कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग, टला बड़ा हादसा

यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का हेलीकॉप्टर हादसे का शिकार होने से बचा। हवा में केबिन में धुआं भरने के बाद लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

हवा में डिप्टी सीएम का चॉपर बना धुआं-धुआं! कराई गई इमरजेंसी

N4N Desk - उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को एक बड़े हवाई हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। लखनऊ से कौशांबी के लिए उड़ान भरने के महज कुछ ही मिनटों बाद उनके हेलीकॉप्टर में गंभीर तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद पायलट को तत्काल इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लेना पड़ा। 

केबिन में अचानक फैलने लगा धुआं

जानकारी के अनुसार, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य लखनऊ के ला मार्टिनियर (ला मार्ट्स) मैदान से अपने निर्धारित कार्यक्रम के लिए कौशांबी के लिए रवाना हुए थे। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद हेलीकॉप्टर के केबिन में अचानक धुआं भरने लगा। हवा में धुआं फैलते ही हेलीकॉप्टर के अंदर हड़कंप मच गया और सुरक्षा को देखते हुए पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क साधा। 

पायलट की सूझबूझ और सुरक्षित लैंडिंग

पायलट ने अत्यंत सूझबूझ दिखाते हुए हेलीकॉप्टर को वापस लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय (अमौसी) एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया। इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मिलते ही हेलीकॉप्टर को सुरक्षित रनवे पर उतारा गया। सुरक्षित लैंडिंग के बाद उपमुख्यमंत्री और उनके साथ मौजूद स्टाफ ने राहत की सांस ली। 

तकनीकी खराबी बनी वजह, दूसरे चॉपर से हुए रवाना

थाना प्रभारी निरीक्षक राजदेव राम प्रजापति ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तकनीकी खराबी के कारण एहतियातन इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। हादसे के बाद वैकल्पिक व्यवस्था की गई और उपमुख्यमंत्री अब दूसरे हेलीकॉप्टर से कौशांबी के लिए रवाना हुए हैं। नागरिक उड्डयन विभाग इस तकनीकी खराबी के कारणों की जांच कर रहा है।