राजधानी में दिल दहला देने वाली घटना: मंदिर में आरती करते-करते पुजारी को आया हार्ट अटैक, मौके पर ही मौत

संसार का सबसे अटल सत्य मृत्यु है, लेकिन राजधानी से आई यह खबर हर किसी को स्तब्ध कर देने वाली है. मंदिर में भगवान की आरती और डमरू बजाते समय पुजारी रजनीकांत मिश्रा को अचानक दिल का दौरा पड़ा और उन्होंने वहीं दम तोड़ दिया.

ranchi temple priest heart attack during arti
मंदिर में आरती करते-करते पुजारी को आया हार्ट अटैक, मौके पर ही मौत- फोटो : news 4 nation

कहते हैं कि संसार का सबसे बड़ा सत्य ‘मृत्यु’ है और जिसने भी धरती पर जन्म लिया है, उसका अंत निश्चित है. जन्म और मृत्यु जीवन के दो ऐसे पहलू हैं, जिनके समय और स्थिति के बारे में कोई नहीं जान सकता. ऐसी ही एक अत्यंत हृदयविदारक घटना झारखंड की राजधानी रांची से सामने आई है, जहां मंदिर में भगवान की भक्ति में लीन एक पुजारी की आरती करने के दौरान ही दिल का दौरा पड़ने से अचानक मौत हो गई.


आरती के बीच आया हार्ट अटैक

यह चौंकाने वाली घटना रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के रातू रोड स्थित इंद्रपुरी रोड नंबर-9 के एक मंदिर की है. रविवार की शाम जब मंदिर में संध्या आरती चल रही थी, तभी पुजारी आचार्य रजनीकांत मिश्रा अचानक दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ने से जमीन पर गिर पड़े. घटना से महज चंद सेकंड पहले तक पंडित जी पूरी श्रद्धा से डमरू और शंख बजा रहे थे, लेकिन सीने में तेज दर्द उठने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया.


अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

जिस समय यह दुखद वाकया हुआ, उस वक्त मंदिर में कई भक्त मौजूद थे, जिनमें झारखंड भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य और वरिष्ठ नेता रमेश सिंह भी शामिल थे. रमेश सिंह और स्थानीय नागरिकों ने बिना एक पल गंवाए तुरंत अचेत पंडित जी को संभाला और आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, वहां डॉक्टरों ने गहन जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.


पूरी राजधानी में चर्चा का विषय बनी घटना

संध्या आरती के दौरान भगवान की पूजा करते-करते पुजारी की इस तरह हुई अचानक मौत ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है और यह घटना पूरी रांची में चर्चा का विषय बन गई है. मंदिर में मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि जब तक लोग कुछ समझ पाते या संभाल पाते, उससे पहले ही भगवान की आरती उतार रहे पंडित जी हमेशा के लिए दुनिया को अलविदा कह गए.