Tej Pratap Yadav: जननायक एक्सप्रेस में महिला की पिटाई पर भड़के तेजप्रताप यादव, बोले- दोषी पुलिसकर्मी को बर्खास्त करो
Tej Pratap Yadav: जननायक एक्सप्रेस में महिला यात्री के साथ कथित मारपीट पर तेज प्रताप यादव ने नाराजगी जताई है। उन्होंने निष्पक्ष जांच, पीड़िता को न्याय और दोषी पुलिसकर्मी की बर्खास्तगी की मांग की।
Tej Pratap Yadav: बिहार के पूर्व मंत्री और जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने जननायक एक्सप्रेस में महिला यात्री के साथ कथित पुलिस बर्बरता के मामले पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने ट्रेन में महिला के साथ मारपीट की घटना को शर्मनाक, दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया। तेज प्रताप ने मुरादाबाद जीआरपी से पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की है। साथ ही कहा है कि आरोप साबित होने पर संबंधित पुलिसकर्मी को सेवा से बर्खास्त किया जाना चाहिए।
'कानून को हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं'
तेज प्रताप यादव ने कहा कि एक महिला यात्री की पिटाई से उसका सिर फटने और उसकी मासूम बेटियों के अपनी मां को बचाने के लिए हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाने की खबर बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर वर्दी पहनने का अधिकार किसने दिया कि कानून का रक्षक ही कानून को अपने हाथ में लेने लगे? उन्होंने कहा कि वर्दी का सम्मान महिलाओं की सुरक्षा करने में है, न कि उन पर अत्याचार करने में। तेज प्रताप ने मुरादाबाद जीआरपी से मांग की कि मामले की जांच केवल औपचारिकता बनकर न रह जाए। दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मी के खिलाफ कठोर कानूनी और विभागीय कार्रवाई होनी चाहिए।
जननायक एक्सप्रेस में महिला यात्री के साथ कथित पुलिस बर्बरता अत्यंत शर्मनाक, दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। एक महिला यात्री की पिटाई से सिर फटने और उसकी मासूम बेटियों के अपनी मां को बचाने के लिए हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाने की खबर बेहद पीड़ादायक है। आखिर वर्दी पहनने का अधिकार किसने दिया कि कोई कानून का रक्षक ही कानून को अपने हाथ में ले ले? वर्दी का सम्मान महिलाओं की सुरक्षा करने में है, उन पर अत्याचार करने में नहीं। मैं मुरादाबाद GRP से मांग करता हूं कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच हो। केवल जांच के नाम पर खानापूर्ति नहीं, बल्कि दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मी के खिलाफ कठोरतम कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मैं केंद्र की मोदी सरकार और रेल मंत्रालय से भी मांग करता हूं कि इस घटना का तत्काल संज्ञान लिया जाए और आरोप सिद्ध होने पर संबंधित पुलिसकर्मी को सेवा से बर्खास्त किया जाए। पीड़ित महिला को उचित इलाज, न्याय और सुरक्षा मिलनी चाहिए। किसी भी मां और उसकी मासूम बेटियों को ऐसी पीड़ा से नहीं गुजरना चाहिए। महिलाओं की सुरक्षा से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। तेज प्रताप यादव राष्ट्रीय अध्यक्ष, जनशक्ति जनता दल पूर्व स्वास्थ्य मंत्री, बिहार #महिला_सुरक्षा #जननायक_एक्सप्रेस #MoradabadGRP #JusticeForWomen #IndianRailways #JanshaktiJanataDal
— Tej Pratap Yadav (@TejYadav14) November 21, 2026
आरोप सिद्ध होने पर पुलिसकर्मी को सेवा से बर्खास्त करने की मांग
पूर्व मंत्री ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और रेल मंत्रालय से भी इस घटना का तत्काल संज्ञान लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि जांच में पुलिसकर्मी के खिलाफ लगे आरोप साबित होते हैं, तो उसे सेवा से बर्खास्त किया जाना चाहिए। तेज प्रताप के मुताबिक, किसी भी पुलिसकर्मी को कानून से ऊपर नहीं माना जा सकता। मामले में निष्पक्ष जांच के बाद जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
पीड़ित महिला को इलाज, न्याय और सुरक्षा मिले
तेज प्रताप यादव ने पीड़ित महिला के लिए उचित इलाज, न्याय और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसी भी मां और उसकी मासूम बेटियों को इस तरह की पीड़ा से नहीं गुजरना चाहिए। महिलाओं की सुरक्षा से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
18 नवंबर को सीट को लेकर हुआ था विवाद
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, यह घटना 18 नवंबर 2026 को जननायक एक्सप्रेस में मुरादाबाद और नजीबाबाद के बीच हुई थी। ट्रेन में सीट को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ था। इसी दौरान जीआरपी के एस्कॉर्ट पुलिसकर्मियों और महिला यात्री के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें एक पुलिसकर्मी महिला के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है। महिला पक्ष का आरोप है कि मारपीट में उसके सिर पर चोट आई। वहीं, जीआरपी का कहना है कि महिला और उसके साथ मौजूद लोगों ने भी पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की और सरकारी काम में बाधा डाली।
इस मामले में जीआरपी ने महिला, उसकी तीन बेटियों और दो अन्य लोगों समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, दो युवकों को गिरफ्तार भी किया गया है। फिलहाल दोनों पक्षों के आरोपों के बीच मामले की जांच जारी है।