झारखंड में राज्यसभा चुनाव की सरगर्मी तेज: बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन से मिले NDA विधायक, गौरव वल्लभ और परिमल नाथवाणी ने खरीदे पर्चे

झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए होने वाले इस चुनाव में अंकगणित बेहद रोचक हो चुका है।गौरव वल्लभ और परिमल नाथवाणी के पर्चा खरीदने से मुकाबला त्रिकोणीय होने के आसार बन रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ दोनों ही बड़े गठबंधन अपने-अपने विधायकों को एकजुट रखने में

झारखंड में राज्यसभा चुनाव की सरगर्मी तेज: बीजेपी अध्यक्ष नित
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन से मिले NDA विधायक- फोटो : न्यूज4नेशन

Ranchi : झारखंड में आगामी राज्यसभा चुनाव-2026 को लेकर सियासी हलचल चरम पर पहुंच गई है। एक तरफ जहां सत्ताधारी गठबंधन रणनीति बनाने में जुटा है, वहीं दूसरी तरफ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के खेमे में भी बैठकों का दौर तेज हो गया है। इसी सिलसिले में एनडीए में शामिल घटक दलों के प्रमुख नेताओं और तीन विधायकों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की।

बीजेपी अध्यक्ष से मिलने वालों में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के विधायक सरयू राय, लोक जनशक्ति पार्टी-रामविलास (लोजपा-आर) के विधायक जनार्दन पासवान और आजसू पार्टी के विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो शामिल रहे। इसके अलावा आजसू पार्टी के प्रमुख सुदेश महतो और लोजपा-आर के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान ने भी नितिन नवीन से मुलाकात कर चुनावी रणनीति और समन्वय पर चर्चा की।


गौरव वल्लभ ने खरीदा पर्चा, देर रात तक चलती रही बीजेपी कोर कमेटी की बैठक

हालांकि बीजेपी की ओर से अभी तक आधिकारिक तौर पर उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किया गया है, लेकिन पार्टी के वरिष्ठ नेता गौरव वल्लभ ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन का पर्चा खरीद लिया है। पर्चा खरीदने के बाद गौरव वल्लभ ने रांची स्थित पार्टी कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की, जिसके बाद उनके नाम को लेकर कयासबाजी तेज हो गई है।

शनिवार देर रात तक बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश कार्यालय में प्रदेश कोर कमेटी के सदस्यों और पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के साथ संयुक्त बैठक की। बैठक की शुरुआत में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को पुस्तक भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान उम्मीदवारों के चयन और सांगठनिक विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई, लेकिन शनिवार देर रात तक उम्मीदवार के नाम पर सस्पेंस बरकरार रहा।


निर्दलीय परिमल नाथवाणी भी रेस में, विशेष विमान से रांची पहुंचकर हेमंत सोरेन से मिले

इस राज्यसभा चुनाव में उद्योगपति परिमल नाथवाणी की एंट्री ने मुकाबले को बेहद दिलचस्प बना दिया है। परिमल नाथवाणी ने भी राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र खरीद लिया है। पर्चा खरीदने के बाद वह शनिवार को विशेष विमान से रांची पहुंचे और सीधे मुख्यमंत्री आवास जाकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। नाथवाणी की मुख्यमंत्री से हुई इस मुलाकात के बाद झारखंड की राज्यसभा सीटों के लिए जोड़-तोड़ और फ्लोर मैनेजमेंट की सियासत पूरी तरह गरमा गई है।


'झारखंड को हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे': नितिन नवीन

इससे पहले, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रांची में आयोजित प्रबुद्ध नागरिक संवाद कार्यक्रम 'विकसित भारत @2047' को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, "झारखंड को हमने (भाजपा) बनाया है और हम ही इसे संवारेंगे। इस राज्य को श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों का झारखंड बनाना है। हम ही झारखंड को उसकी समृद्ध विरासत और संस्कृति के साथ विकास के नए पायदान पर ले जाने का काम करेंगे।"

उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि मां छिन्नमस्तिका और बाबा बैद्यनाथ धाम की इस पावन भूमि से उनका बेहद गहरा और भावनात्मक रिश्ता रहा है। प्रबुद्धजनों द्वारा किसानों से जुड़े पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने स्पष्ट किया कि देश की तरक्की का रास्ता गांवों से होकर गुजरता है; अगर देश का किसान खुशहाल होगा, तभी देश खुशहाल रहेगा।


दोनों खेमों में बढ़ी मुस्तैदी, आने वाले दो दिन बेहद महत्वपूर्ण

झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए होने वाले इस चुनाव में अंकगणित बेहद रोचक हो चुका है। जहां एक तरफ गौरव वल्लभ और परिमल नाथवाणी के पर्चा खरीदने से मुकाबला त्रिकोणीय होने के आसार बन रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ दोनों ही बड़े गठबंधन अपने-अपने विधायकों को एकजुट रखने में जुट गए हैं। राजनैतिक विश्लेषकों की मानें तो अगले 48 घंटों के भीतर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा और नामांकन के साथ ही तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।