Student Placement: ट्रिपल आईटी रांची के छात्र ने रचा इतिहास, 1.25 करोड़ के पैकेज पर मिली नौकरी

Student Placement: भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी), रांची के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (डेटा साइंस एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के छात्र सक्षम ने संस्थान के प्लेसमेंट इतिहास में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। ...

IIIT Ranchi Student
छात्र ने रचा इतिहास- फोटो : social Media

Student Placement: भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी), रांची के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (डेटा साइंस एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के छात्र सक्षम ने संस्थान के प्लेसमेंट इतिहास में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्हें अग्रणी टेक्नोलॉजी कंपनी रुब्रिक में टेक्निकल प्रोग्राम मैनेजर के पद पर सालाना 1.25 करोड़ रुपये का पैकेज मिला है। इस उपलब्धि के बाद संस्थान में खुशी का माहौल है और सक्षम की कामयाबी को छात्रों के लिए प्रेरणादायक मिसाल माना जा रहा है।

रुब्रिक डेटा सिक्योरिटी और क्लाउड डेटा मैनेजमेंट के क्षेत्र में काम करने वाली प्रमुख प्रौद्योगिकी कंपनी है। कंपनी में टेक्निकल प्रोग्राम मैनेजर के तौर पर सक्षम की जिम्मेदारी तकनीकी टीमों के बीच बेहतर तालमेल कायम करने, जटिल परियोजनाओं की योजना तैयार करने और यह सुनिश्चित करने की होगी कि प्रोजेक्ट तय समय-सीमा के भीतर पूरे हों।

अपनी इस शानदार कामयाबी पर सक्षम ने परिवार और दोस्तों के सहयोग को बेहद अहम बताया। उन्होंने संस्थान के शिक्षकों और मेंटरों के मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और भरोसे के लिए आभार जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने पूरी यात्रा में साथ देने और उन पर विश्वास बनाए रखने वाले सभी लोगों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

ट्रिपल आईटी रांची के निदेशक प्रो. राजीव श्रीवास्तव ने सक्षम को बधाई देते हुए उनकी मेहनत, ईमानदारी और जुनून की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि संस्थान में उत्कृष्टता की भावना को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को भी रेखांकित करती है।

निदेशक के मुताबिक, ट्रिपल आईटी रांची विद्यार्थियों को ऐसा शैक्षणिक माहौल देने पर जोर देता है, जहां पढ़ाई के साथ तकनीकी अनुभव, इंडस्ट्री कनेक्शन और करियर गाइडेंस को भी बराबर तवज्जो मिले। प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट सेल, शिक्षक और अकादमिक मेंटर मिलकर विद्यार्थियों को तकनीकी कौशल, करियर तैयारी, उद्योग से संपर्क और भर्ती प्रक्रिया की बारीकियों के लिए तैयार करते हैं। सक्षम का यह शानदार प्लेसमेंट इसी समग्र तैयारी और उनकी व्यक्तिगत मेहनत का नतीजा माना जा रहा है।