रांची से गयाजी तक रिश्तों का कत्ल : जिस बहन को गोद लिया, भाई ने उसी की हत्या कर 130KM दूर जलाया शव

बिहार के औरंगाबाद से गोद ली गई 13 वर्षीय बच्ची की रांची में हत्या कर शव को गयाजी में जलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है.पुलिस ने पिता,बेटे और एंबुलेंस चालक को हिरासत में लेकर जांच तेज कर दी है.

From Ranchi to Gayaji murder of relationships
रांची से गयाजी तक रिश्तों का कत्ल - फोटो : news 4 nation

झारखंड की राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ झखराटांड़ में एक 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची, जिसे 2018 में औरंगाबाद के एक गरीब परिवार से गोद लिया गया था, की उसके ही मुंहबोले भाई राहुल उर्फ अक्षय पाठक ने परिवार के साथ मिलकर हत्या कर दी। इस जघन्य अपराध को छिपाने के लिए आरोपियों ने न केवल बच्ची के लापता होने की झूठी कहानी रची, बल्कि साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को रांची से 130 किलोमीटर दूर बिहार के गया ले जाकर जला दिया।

हत्या के बाद घर में हवन-पाठ, पुलिस को गुमराह करने की साजिश

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता सुबोध पाठक और उसके बेटे राहुल ने समाज की नजरों में खुद को पाक-साफ दिखाने के लिए घर में 'गृह शांति' के नाम पर पूजा-पाठ और हवन कराया। जब पड़ोसियों ने बच्ची के बारे में पूछा, तो परिजनों ने बताया कि वह बिहार अपने असली माता-पिता के पास गई है। हालांकि, परिवार के व्यवहार और अचानक कराई गई पूजा ने स्थानीय लोगों के संदेह को गहरा कर दिया, जिसके बाद मामला पुलिस की चौखट तक पहुँचा।

एंबुलेंस से गया ले जाकर जलाया शव, डॉक्टर की भूमिका संदिग्ध

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरी साजिश में एक निजी अस्पताल के डॉक्टर और एक एंबुलेंस चालक की भी संलिप्तता है। हत्या के बाद शव को गुप्त रूप से एंबुलेंस के जरिए गया ले जाया गया और वहां अंतिम संस्कार कर दिया गया ताकि कोई सबूत न बचे। तकनीकी साक्ष्यों और कड़ाई से की गई पूछताछ के बाद पिता-पुत्र ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने फिलहाल पिता, पुत्र और एंबुलेंस चालक को हिरासत में ले लिया है, जबकि आरोपी डॉक्टर फरार है।

विवाद और रंजिश बनी जान की दुश्मन, एसएसपी करेंगे खुलासा

प्रारंभिक पूछताछ में यह बात निकलकर आई है कि घर में बच्ची को लेकर अक्सर विवाद होता था। साथ ही किसी रिश्तेदार से बच्ची के संपर्क को लेकर भी परिवार नाराज था, जिसे हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे सनसनीखेज मामले का आधिकारिक खुलासा करेंगे। फिलहाल पुलिस फरार डॉक्टर की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।