भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी पर CM का बड़ा बयान : कहा- पेपर लीक अब राष्ट्रीय संकट, जरूरत पड़ी तो केंद्रीय गृह मंत्री से करेंगे बात
छात्रों के आंदोलन पर सीएम हेमंत सोरेन का 24 घंटे के अंदर दूसरा बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि पेपर लीक अब राष्ट्रीय संकट बनता जा रहा है। साथ ही उन्नहोंने कहा कि सरकार के दरवाजे सबके लिए खुले अगर किसी की कोई मांग या शिकायत है तो.....
Ranchi : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों और छात्रों के मुद्दे पर 24 घंटे के भीतर दूसरी बार बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार पूरे मामले पर संवेदनशीलता और गंभीरता से नजर बनाए हुए है। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं और जिनकी भी कोई मांग या शिकायत है, वे अपनी बात सरकार के समक्ष रख सकते हैं, जिस पर पूरी गंभीरता से विचार किया जाएगा।
भर्ती परीक्षाओं की समस्याएं राष्ट्रीय संकट का रूप ले रहीं: हेमंत सोरेन
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी ऐसी धांधली और पेपर लीक की समस्याएं केवल झारखंड तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह अब एक बड़े राष्ट्रीय संकट का रूप लेती जा रही हैं। उन्होंने बताया कि देश के कई अन्य राज्यों में भी इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन वहां कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही है। सीएम ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और जरूरत पड़ी तो वे इस राष्ट्रीय मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री से भी बात करेंगे।
राजभवन पहुंचकर राज्यपाल से की मुलाकात, घटनाक्रम की दी जानकारी
बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची स्थित लोकभवन/राजभवन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य की मौजूदा स्थिति, छात्रों के आंदोलन और भर्ती परीक्षाओं में उठे विवादों पर विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को पूरे घटनाक्रम और अब तक की गई कार्रवाई से अवगत कराया। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि राज्यपाल की हालिया दिल्ली यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से हुई बातचीत में भी राज्य के विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई थी।
निष्पक्ष जांच का भरोसा, राज्यपाल ने परीक्षा प्रक्रियाओं में पारदर्शिता पर दिया जोर
राजभवन की ओर से जारी बयान के अनुसार, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने परीक्षा प्रक्रियाओं में पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और युवाओं का विश्वास कायम रखने की जरूरत पर विशेष जोर दिया। राज्यपाल ने कहा कि भर्ती आयोगों (जैसे JSSC/JPSC) की कार्यप्रणाली ऐसी होनी चाहिए कि उनकी विश्वसनीयता पर कोई सवाल न उठे। इस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि जांच एजेंसियां पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही हैं और सरकार निष्पक्ष कार्रवाई कर ठोस परिणाम सामने लाएगी।
जांच एजेंसियों की कार्रवाई पर पैनी नजर, पारदर्शी व्यवस्था का दिया आश्वासन
मुख्यमंत्री ने छात्रों को न्याय दिलाने का भरोसा देते हुए कहा कि संबंधित एजेंसियां जांच प्रक्रिया में तेजी से आगे बढ़ रही हैं। सरकार जांच के हर पहलू पर लगातार नजर रख रही है ताकि दोषियों को बख्शा न जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक लग सके। उन्होंने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा करना और चयन प्रक्रियाओं में निष्पक्षता बहाल करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
ब्यूरो रिपोर्ट